चंडीगढ़। पंजाब नर्सेज यूनियन के समर्थन में जीएमसीएच-32 के नर्सिंग स्टाफ ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। अस्पताल के गेट नंबर 2 पर शाम को एकत्र होकर नर्सिंग स्टाफ ने सेक्टर-32 मार्केट होते हुए गेट नंबर 4 तक मार्च निकाला। हाथ में मोमबत्तियां लिए नर्सिंग स्टाफ ने सरकार से लंबित मांगें पूरी करने की अपील की।
जीएमसीएच 32 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डबकेश कुमार ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन पंजाब नर्सेज के समर्थन में किया जा रहा है। यूटी चंडीगढ़ का नर्सिंग स्टाफ पंजाब के मानक फॉलो करने के लिए बाध्य है। नर्सेज की मुख्य मांगों में नर्सेज की 5वें वेतन आयोग की टाइपोग्राफिकल गलती को दुरुस्त करके उसे 2006 से लगाने जाने की मान्यता देना है, क्योंकि इसकी वजह से नए रिक्रूटमेंट में 29200 रुपये वेतन देकर कर्मचारियों के साथ धोखा दिया जा रहा है। सभी जगह नर्सेज का ग्रेड पे 4600 है, जबकि पंजाब सरकार ने नर्सेज को 3200 ग्रेड पे पर लाकर रख दिया है। नर्सेज के अलाउंसेज की मांग को केंद्र सरकार के पैटर्न पर दिए जाने की जायज मांग को सरकार ने अभी तक पूरा नहीं किया है। नर्सेज का पदनाम देश के कई राज्यों व चंडीगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर किया जा चुका है, लेकिन पंजाब सरकार ने इस संबंध में भी अभी तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। महासचिव संदीप कुमार यादव ने कहा कि जब तक नर्सेज की मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।