किसान मोर्चा का फैसला- अब किसी भी राजनीतिक दल की बैठक में शामिल नहीं होंगे गुरनाम सिंह चढ़ूनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी अब किसी भी राजनीतिक दल की बैठक में शामिल नहीं होंगे। यह फैसला सोमवार शाम को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में लिया गया। साथ ही मोर्चा ने चढ़ूनी को अपना हिस्सा बताया और कहा कि वे पहले की तरह मोर्चे के हर कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां तक की सरकार और किसानों के बीच होने वाली वार्ता में भी जाएंगे।
इससे पहले कुंडली बॉर्डर पर किसान नेताओं की सियासत गरमाई रही। भाकियू हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी के रविवार को राजनीतिक दलों की बैठक में शामिल होने के बाद से शुरू हुई सियासत में सोमवार शाम तक खींचतान चलती रही। गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने सोमवार सुबह किसान मोर्चा के सदस्य शिवकुमार कक्का पर आरोप लगाते हुए सवाल उठाए।
इसके बाद कक्का ने चढ़ूनी को लेकर किसी तरह की टिप्पणी नहीं करने की बात कही। साथ ही कुछ लोगों पर किसान आंदोलन को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई कराने की बात कही। यह बात सुन चढ़ूनी के सुर भी बदल गए। वह भी कुछ लोगों पर किसान आंदोलन को तोड़ने के लिए आपसी फूट डालने का प्रयास करने का आरोप लगाने लगे।
चढ़ूनी की बात सुन मोर्चा ने लिया फैसला
कुंडली बॉर्डर पर सोमवार शाम को संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों शिवकुमार कक्का, दर्शनपाल, जगजीत सिंह दल्लेवाल, बलबीर सिंह राजेवाल, योगेंद्र यादव समेत अन्य की बैठक हुई। इस बैठक में गुरनाम सिंह चढ़ूनी का जवाब सुना गया। चढ़ूनी ने कहा कि वह निजी तौर पर राजनीतिक दलों की बैठक में गए थे।
वह केवल यह चाहते हैं कि किसी भी तरह से किसानों की मदद हो सके। वह आगे कभी इस तरह की बैठक में नहीं जाएंगे। किसान नेता दर्शनपाल ने बताया कि सारी बात सुनने के बाद प्रतिनिधियों ने फैसला लिया कि चढ़ूनी पहले की तरह मोर्चे के हर कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां तक की सरकार से वार्ता करने भी जाएंगे।
चढ़ूनी के बारे में दस करोड़ रुपये लेने जैसी कोई बात नहीं कही : कक्का
यह बेहद अफसोस की बात है कि मेरे हवाले से झूठ को फैलाया जा रहा है। मैंने गुरनाम सिंह चढ़ूनी के बारे में दस करोड़ रुपये लेने जैसी कोई बात किसी से नहीं कही है और न ही कभी कह सकता हूं। वह मेरे मित्र हैं और मैं उनको अच्छे से जानते हैं। जो लोग झूठ फैला रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी। -शिवकुमार कक्का, संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य।