भगवंत मान को बधाई: नवजोत सिद्धू ने पंजाब के नए सीएम को दी शुभकामनाएं, कहा-उम्मीदों के पहाड़ संग नई शुरुआत
इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीट जीतकर इतिहास रचा था। वहीं कांग्रेस को केवल 18 सीटें ही मिली थीं। इसके बाद बुधवार को नवजोत सिद्धू ने पार्टी प्रधान के पद से इस्तीफा दे दिया था।
विस्तार
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू ने पंजाब के नए सीएम भगवंत मान को बधाई दी है। एक ट्वीट में सिद्धू ने कहा कि सबसे खुशनसीब आदमी वह है जिससे कोई उम्मीद नहीं करता... भगवंत मान ने पंजाब में उम्मीदों के पहाड़ के साथ एक नए माफिया विरोधी युग की शुरुआत की।
The happiest man is the one from whom no one expects … Bhagwant Mann unfurls a new anti - Mafia era in Punjab with a mountain of expectations …hope he rises to the occasion , brings back Punjab on the revival path with pro - people policies … best always
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) March 17, 2022विज्ञापन
विधानसभा चुनाव में पार्टी की शर्मनाक हार के बाद बुधवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने एक लाइन का इस्तीफा पार्टी प्रधान सोनिया गांधी को भेजा था। इससे पहले मंगलवार को चुनाव में मिली करारी हार के कारण तलाशते हुए सीडब्ल्यूसी की बैठक में सभी पक्षों को सुना गया था। पंजाब के मामले में ज्यादातर नेताओं ने पार्टी की अंदरूनी कलह के अलावा नवजोत सिंह सिद्धू, चरणजीत चन्नी और पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ के बीच सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी को जिम्मेदार ठहराया था। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, बलबीर सिंह सिद्धू, सांसद रवनीत बिट्टू और गुरजीत औजला हार के लिए सीधे तौर पर सिद्धू को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।
पिछले साल 18 जुलाई को बने थे प्रधान
नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस की कमान 18 जुलाई, 2021 को संभाली थी। 2017 में सिद्धू कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस में शामिल होने से पहले 2016 में सिद्धू ने लुधियाना के बैंस ब्रदर्स के साथ आवाज-ए-पंजाब पार्टी का गठन किया था, लेकिन बाद में उन्होंने इस पार्टी को छोड़ दिया था।