Chandigarh: नए एसएसपी के लिए केंद्र को भेजा गया नाम, 2012 बैच के आईपीएस संदीप गर्ग के नाम की चर्चा तेज
12 दिसंबर को चंडीगढ़ प्रशासन ने एक आदेश जारी कर पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी कुलदीप सिंह चहल को तुरंत प्रभाव से उनके पद से हटा दिया था, जबकि उनका कार्यकाल पूरा होने में नौ महीने शेष थे। उनकी जगह हरियाणा कैडर की आईपीएस अधिकारी मनीषा चौधरी को एसएसपी चंडीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी थी।
विस्तार
चंडीगढ़ के एसएसपी पद के लिए पंजाब से भेजे गए तीन अधिकारियों में से 2012 बैच के आईपीएस डॉ. संदीप गर्ग के नाम पर सहमति बनने की चर्चा है। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने अपने सलाहकार धर्मपाल व अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस बैठक में एक नाम पर सहमति बन गई, जिसकी सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी गई है। सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ प्रशासन ने 2012 बैच के आईपीएस डॉ. संदीप गर्ग के नाम की सिफारिश की है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर सिफारिश किए नाम की जानकारी देने से इंकार कर दिया। हालांकि सोमवार को पूरे दिन डॉ. संदीप गर्ग के नाम की चर्चा रही। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित की मंजूरी के बाद एक गोपनीय पत्र में केंद्र सरकार को प्रस्तावित अधिकारी का नाम भेजा गया है। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय को आखिरी फैसला लेना है। उनकी तरफ से आदेश जारी करने के बाद ही नए एसएसपी का नाम सार्वजनिक किया जाएगा। पंजाब सरकार से जो तीन नाम भेजे गए थे उनमें एआईजी डॉ. अखिल चौधरी, मोहाली के एसएसपी संदीप गर्ग और शहीद भगत सिंह नगर के एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा शामिल हैं।
12 दिसंबर को चंडीगढ़ प्रशासन ने एक आदेश जारी कर पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी कुलदीप सिंह चहल को तुरंत प्रभाव से उनके पद से हटा दिया था, जबकि उनका कार्यकाल पूरा होने में नौ महीने शेष थे। उनकी जगह हरियाणा कैडर की आईपीएस अधिकारी मनीषा चौधरी को एसएसपी चंडीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कुलदीप सिंह चहल को हटाने को गलत बताया था। इसके बाद चंडीगढ़ ने पंजाब से तीन अधिकारियों के नाम मांगे थे।
ट्रेनिंग पर गए विनय प्रताप सिंह, यशपाल गर्ग बने कार्यकारी डीसी
यूटी प्रशासन में बड़ा फेरबदल हुआ है। डीसी विनय प्रताप सिंह अगले कुछ दिनों तक छुट्टी पर रहेंगे इसलिए प्रशासन ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ व स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग को डीसी/डीएम, एस्टेट ऑफिस, एक्साइज कमिश्नर समेत कई विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही उन्हें लिंक ऑफिसर भी बनाया है।
प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, गर्ग को जिला सैनिक बोर्ड का प्रेसिडेंट, सिविल डिफेंस का कंट्रोलर, वक्फ बोर्ड का चेयरमैन व एडिशनल चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा लेबर कमिश्नर और एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के सचिव की जिम्मेदारी आईएएस विनोद पी कावले को दी गई है। आईएएस हरगुनजीत कौर को रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी का काम सौंपा गया है। ये सभी विभाग इन अधिकारियों के पुराने विभागों के अलावा हैं।
बता दें कि विनय प्रताप सिंह 19 दिसंबर 2022 से लेकर 13 जनवरी 2023 तक ट्रेनिंग पर चले गए हैं, जिसकी वजह से उनके विभाग अन्य अधिकारियों को सौंपे गए हैं। यशपाल गर्ग ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली में काफी सुधार किया है, इसलिए माना जा रहा है कि एस्टेट ऑफिस का जिम्मा मिलने के बाद अब एस्टेट ऑफिस की कार्यप्रणाली में भी सुधार आ सकता है क्योंकि एस्टेट ऑफिस में काम में देरी और भ्रष्टाचार की शिकायत बहुत ज्यादा है।