इनेलो में रारः बेटों के समर्थन में उतरीं नैना चौटाला, नारेबाजी को लेकर कह डाली बड़ी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इनेलो में चल रहे घमासान के बीच डबवाली से विधायक नैना चौटाला रविवार को फरमाणा गांव में हरी चुनरी चौपाल के नाम से जनसभा करने पहुंचीं। उन्होंने पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक से अपने दोनों बेटों का सहयोग करने की अपील की। हरी चुनरी चौपाल से जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया के साथ ही महिलाओं का कार्यक्रम होने के बावजूद महिला जिलाध्यक्ष प्रोमिला दहिया समेत कई पदाधिकारी गायब रहे।
नैना चौटाला ने कहा कि वह लोगों से मन की बात कहने आई हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या रैलियों में नारे लगाना अनुशासनहीनता है? क्या उनके बेटों ने कभी किसी के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की? जनता ने युवा सांसद चुनकर अपनी उम्मीदों के साथ दुष्यंत को संसद में भेजा था। उसने पूरी जिम्मेदारी के साथ किसान और मां-बहनों की आवाज संसद में उठाई।
एक मां होने के नाते यह देखकर तसल्ली होती है कि उसके बेटों ने कभी किसी का दिल नहीं दुखाया। अब उनके बेटों पर नारे लगाने के कारण अनुशासनहीनता के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रैली में भीड़ लेकर जाने वालों के साथ ही नारे लगाने वालों की जय-जयकार होनी चाहिए। रैलियों में लोग नारे लगाने ही जाते हैं, वहां कोई सत्संग करने नहीं जाता।
उन्होंने कहा कि हर किसी के ऊपर संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी होती है, उनके बेटों ने युवा वर्ग को पार्टी के साथ जोड़ा तो यह गुनाह नहीं है। नैना ने कहा कि आज कल पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है, इसलिए सभी मिलकर पार्टी को मजबूत करने का काम करें। देवीलाल के वट वृक्ष को ओमप्रकाश चौटाला ने मेहनत से सींचा है, इसे मिलकर खड़ा रखें।
भाजपा सरकार पर बोलते हुए कहा कि जब से भाजपा आई है, उसी समय से प्रदेश में लोगों को लड़वाने का काम किया है। बहन-बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर मातृ शक्ति एकजुट हो जाए तो वह राज पलट कर रख दें।
दुष्यंत को बताया भावी सीएम
फरमाणा में प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार रिढाऊ की अगुवाई में इनेलो की हरी चुनरी चौपाल जनसभा में मंचासीन नेताओं ने दुष्यंत चौटाला को भावी सीएम बताया। राजकुमार रिढाऊ जनसभा की सफलता के लिए लगातार प्रचार करते रहे तो जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया भी जनसभा कराने के लिए अभी तक आगे आ रहे थे, लेकिन वह जनसभा से नदारद रहे।
इनके अलावा महिला जिलाध्यक्ष प्रोमिला मलिक पहले व जनसभा के दिन किसी भी जगह दिखाई नहीं दीं। जबकि पूरा कार्यक्रम महिलाओं के लिए रखा गया था। इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़, कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र लितानी, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष तेलूराम जोगी, विधायक अनूप धानक, पूर्व विधायक रमेश खटक, प्रवक्ता राजकुमार रिढाऊ, शीला भ्याण, बबीता दहिया, राजू धानक, रोहताश दहिया, प्रेम जांगड़ा, सुरेश दहिया, अनीता खांडा, अठगामा प्रधान सतबीर सिंह, कुलदीप मलिक, सुमित राणा, डॉ. कपूर नरवाल, राज सिंह दहिया आदि मौजूद रहे।