Punjab Budget 2023: मोहाली के लिवर संस्थान को मिले 25 करोड़, दो जिलों में खुलेंगे आयुष अस्पताल
दयालपुर सोढ़ियां, मोहाली और दुन्नेके (मोगा) में 50 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष अस्पताल बनाए जा रहे हैं। दुन्नेके (मोगा) में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दयालपुर सोढ़ियां, मोहाली का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है और जल्द ही इनकी सेवाएं प्रदान होने की उम्मीद है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इसके लिए 18 करोड़ निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह ने कहा कि राज्य में लिवर से सबंधित बीमारियां बढ़ रही हैं और अधिकांश रोगियों को विशेषज्ञ देखभाल की जरूरत होती है। पंजाब क्षेत्र में केवल पीजीआई चंडीगढ़ ही है जो ऐसे मामलों में उपचार देने में माहिर है लेकिन मोहाली स्थित पंजाब स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायिलरी साइंसेज वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूरी तरह कार्यशील हो जाएगा।
यह देश का दूसरा ऐसा संस्थान होगा जो व्यापक निदान और उपचार की सुविधा, उन्नत नैदानिक अनुसंधान और जिगर के रोगों की रोकथाम प्रदान करेगा। इस संस्थान में रोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी तैनात किया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए वित्त वर्ष 2022-23 में विभिन्न श्रेणियों के तहत 1,353 कर्मचारियों, मेडिकल स्टाफ की भर्ती की गई है, जिनमें से 271 विशेषज्ञ मेडिकल अधिकारी, 3 फार्मेसी अधिकारी, 53 स्टाफ नर्स, 520 बहुउद्देश्यीय हेल्थ वर्कर, 480 वार्ड अटेंडेंट आदि शामिल हैं। सरकार ने 504 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए हैं।
मेडिकल अफसरों की भर्ती के लिए 39 करोड़
सरकार ने हेल्थ सेंटरों, सब-डिविजनल अस्पतालों और जिला अस्पतालों को मजबूत बनाने के लिए एक विशेष परियोजना शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इन अस्पतालों में न केवल एक बड़ा परिवर्तन लाया जाएगा, बल्कि मेडिकल अधिकारी (विशेषज्ञ) के 363 रिक्त पदों और मेडिकल अधिकारी (सामान्य) के 470 पदों को भरने के लिए एक विशेष भर्ती अभियान भी चलाया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान वित्त मंत्री ने इसके अलावा अन्य स्वास्थय केंद्रों की मजबूती के लिए 39 करोड़ रुपये के प्रारंभिक खर्च का प्रस्ताव रखा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए 16 करोड़
फगवाड़ा एवं जगरांव में नए मैटरनल एवं चाइल्ड हेल्थ अस्पतालों का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। तीन मैटरनल एवं चाइल्ड हेल्थ विंग्स अर्थात सब-डिविजनल अस्पताल नकोदर, सब-डिविजनल अस्पताल खरड़ और सब-डिविजनल अस्पताल बुढलाडा का निर्माण अब पूरा हो गया है। इन्हें जल्द ही कार्यशील कर दिया जाएगा।
सरकार ने 43 करोड़ की लागत से सात नए मैटरनल एवं चाइल्ड हेल्थ अस्पतालों की स्थापना और 37 करोड़ की लागत से पांच पुराने मैटरनल एवं चाइल्ड हेल्थ विंग के अपग्रेडेशन के लिए पहले ही मंजूरी दे दी है। बजट में 16 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
आयुष विभाग के तहत अस्पतालों को 18 करोड़
दयालपुर सोढ़ियां, मोहाली और दुन्नेके (मोगा) में 50 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष अस्पताल बनाए जा रहे हैं। दुन्नेके (मोगा) में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दयालपुर सोढ़ियां, मोहाली का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है और जल्द ही इनकी सेवाएं प्रदान होने की उम्मीद है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इसके लिए 18 करोड़ निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव है।
कैंसर स्क्रीनिंग मिशन के लिए 118 करोड़
वित्त मंत्री ने कहा- सरकार पंजाब में मौजूदा कैंसर उपचार बुनियादी ढांचे का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्यव्यापी मिशन के रूप में स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य इस खतरनाक बीमारी का शुरुआती चरण में ही पता लगाकर इसका सफल इलाज करना है। इस वित्तीय वर्ष में औषधि प्रबंधन सुविधाओं और केंद्रों का संचालन और उन्नयन पर 40 करोड़ रुपये, होमी भाभा कैंसर सेंटर के लिए पैट और स्पैक्ट सीटी स्कैन मशीनों की खरीद पर 17 करोड़ रुपये और 24 घंटे आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा के लिए 61 करोड़ रुपये के प्रावधान रखा गया है।