अलविदा... फिर मिलेंगे: अधूरा रह गया सीडीएस रावत का वादा, सैन्य अधिकारियों से साझा की थी दिल की बात
तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकाप्टर हादसे में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 11 अन्य अधिकारियों का निधन हो गया है। देशभर में शोक की लहर है। चंडीगढ़ में सैन्य अधिकारियों ने सीडीएस रावत से जुड़ी यादें साझा कीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलविदा... फिर मिलेंगे। सीडीएस बिपिन रावत का सेवानिवृत्त सैन्य अफसरों से किया यह वादा अब पूरा नहीं हो पाएगा। बीते दिनों चंडी मंदिर पश्चिमी कमान सेना मुख्यालय में उन्होंने सैन्य अधिकारियों के साथ अपने दिल की बात और भविष्य की योजनाएं साझा की थी।
तकनीकी रूप से सेना को और मजबूत बनाने समेत उन्होंने कई प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए अपना विजन रखा था। पश्चिमी कमान में रावत से मिलने वाले पूर्व सैन्य अफसरों को यह यकीन ही नहीं हो रहा कि देश के पहले सीडीएस अब दुनिया में नहीं हैं। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एसआर घोष बताते हैं कि, 28 अक्तूबर को सीडीएस रावत बड़े जोश के साथ सेना अधिकारियों से मिले थे।
उन्होंने मौजूदा और रिटायर हो चुके सेना अधिकारियों का हौसला बढ़ाया था। अब भी उनका हंसता हुआ चेहरा आंखों में घूम रहा है। इतने बड़े पद पर बैठे होने के बावजूद उन्होंने सभी सेना अधिकारियों के साथ न केवल गर्मजोशी के साथ हाल-चाल जाना था, बल्कि देश के सुरक्षा हालातों पर मंथन किया। यकीन नहीं हो रहा कि उनके साथ बिताया गया समय और यादें आज यादें ही बन गईं। वो बड़े निडर और नेक इंसान थे।सेना और पूरे देश के लिए उनका जाना दुखदायी है। जाते समय सीडीएस रावत ने सैन्य अधिकारियों से वादा करके गए थे कि दोबारा जल्द मिलेंगे। लेकिन अब यह वादा पूरा हो नहीं सकेगा।
उनका यूं चले जाना बड़ा तकलीफ देय: गिल
रावत के निधन से सेना के मौजूदा और सेवानिवृत्त अधिकारियों में शोक की लहर है। सेनानिवृत्त कर्नल एलजेएस गिल का कहना है कि एक बहादुर अधिकारी का यूं चले जाना बड़ा तकलीफ देय है। वह हमारे से आठ साल जूनियर थे, उनकी काबिलियत के दम पर ही वे सीडीएस तक पहुंचे थे। सेना को लेकर उनका बड़ा विजन था। इसी प्रकार, पूर्व सेना अधिकारी वीपी मलिक, तेजेंद्र सिंह, कर्नल एसएस खेरा, कर्नल जीएस संधु समेत अन्य अधिकारियों ने शोक प्रकट किया है।
हरियाणा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सीडीएस बिपिन रावत और पत्नी मधुलिका रावत समेत 11 अन्य सैन्य अधिकारियों के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक संदेश में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों के अधिकारियों का असामयिक निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी हादसे पर शोक जताया। विज ने कहा कि जनरल बिपिन रावत की असामयिक मृत्यु देश व सेना के लिए बड़ी हानि है। जनरल रावत की ओर से की गई सराहनीय सेवाओं को देश सदा याद रखेगा। विज ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की।