मेयर और पार्षदों को पुलिस का समन जल्द, कई के बयान होंगे दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर की मेयर आशा जसवाल व भाजपा पार्षदों रवि कांत और राजेश कुमार कालिया को पुलिस जल्द ही समन भेज कर जांच में शामिल होने का आदेश जारी करेगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले में स्नेहालय की सुपरिंटेंडेंट मुकेश लता के बयान दर्ज किए है। स्नेहालय के अन्य कर्मचारियों के बयान सोमवार को दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने मेयर और दोनों पार्षदों पर स्नेहालय में जबरन घुसने की धारा के अलावा कई अन्य संगीन धाराएं लगाई हैं। पुलिस को मुकेश लता ने बताया कि मेयर के साथ आए अन्य लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की थी।
मलोया थाना पुलिस ने मेयर व पार्षदों के खिलाफ आईपीसी की धारा 332 , 353 (सरकारी मुलाजिमों के साथ बदसलूकी करना व ड्यूटी में बाधा पहुंचाना), 342 (बच्चों को गैरकानूनी रूप से कमरे में बंद करना), 506 (धमकाना), 228 भी (पीड़ित नाबालिग की पहचान उजागर करना पोक्सो एक्ट की धारा 23 (पीड़ित बच्चे की पहचान उजागर करना) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 74/87 (जुवेनाइल की गोपनीयता भंग करना) लगाई हैं।
स्नेहालय के अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि मेयर के साथ उनके समर्थक, मीडिया पर्सन मिलाकर कुल 25 से 30 लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार सभी की अखबारों में छपी फोटो व वीडियो फुटेज देखकर पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि कुकर्म के पीड़ित नाबालिग बच्चे की तस्वीरें समर्थकों द्वारा मोबाइल से खींची गई थीं। जिसको आगे सोशल मीडिया के जरिए वायरल भी कर दिया गया था।
उस दिन मेयर के साथ मौजूद सभी लोगों के मोबाइल फोन लेकर जांच की जाएगी कि बच्चे की फोटो आगे कहां कहां गई है। हालांकि मीडिया को खुद मेयर ने स्नेहालय में उनकेद्वारा मिठाई बांटने के कार्यक्रम को कवर करने के लिए बुलाया था।
मलोया थाना प्रभारी राम रतन ने बताया कि सोमवार को वह स्नेहालय के अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज करेंगे। शनिवार व रविवार होने के कारण कर्मचारी छुट्टी पर थे। सोमवार को ही स्नेहालय प्रबंधन से वहां लगी सीसीटीवी की फुटेज देने के लिए पत्र लिखेंगे।