प्रवासी मजदूरों की 40 झुग्गियों में लगी भीषण आग, पांच साल के बच्चे की झुलसने से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खरड़ के नजदीकी गांव त्यूड़ में मंगलवार की दोपहर झुग्गियों में अचानक भयंकर आग लग जाने के कारण पांच साल के बच्चे की जलकर मौत हो गई। इस आगजनी में एक महिला भी झुलस गई है। जिसे सरकारी सिविल अस्पताल खरड़ में दाखिल करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चे की पहचान अजीत सिंह पुत्र सुरेश कुमार निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
मृतक बच्चे का पिता पेंट करने का काम करता है और घटना के समय वह नजदीकी गांव दाऊंमाजरा में पेंट का काम कर रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक अजीत सिंह चार भाई-बहन थे। कुछ साल पहले ही इसके छोटे भाई की भी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद एक बहन और एक भाई ही रह गए हैं। घटना से पूरा परिवार टूट गया है।
वहीं, खरड़ के एसडीएम हिमांशु जैन ने बताया कि मृतक बच्चे के परिवार को पंजाब सरकार की ओर से दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है, जिसका चेक पीड़ित परिवार को दे दिया गया है। वहीं, आगजनी की चपेट में आए बाकी सभी परिवारों के लिए आसपास के गावों के गुरुद्वारों में ठहरने और भोजन का इंतजाम किया गया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से हर परिवार के सदस्यों और आगजनी में जले सामान की सूची बनाई जा रही है। यह सूची पंजाब सरकार और डीसी मोहाली को भेज दी जाएगी। इसके बाद सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा मिलेगा।
दोपहर साढ़े तीन बजे लगी आग
गांव त्यूड़ में करीब 50-60 झुग्गियां बनी हुई हैं। जिनमें 200 से अधिक दिहाड़ीदार और खेतों में काम करने वाले मजदूर रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब झुग्गियों में रहने वाली महिलाएं और बच्चे गर्मी के कारण आराम कर रहे थे तो इसी दौरान घासफूस की बनी इन झुग्गियों में अचानक आग लग गई। वहां रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
महिलाओं और बच्चों ने बाल्टियों से पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन इन झुग्गियों के आसपास खेत होने और हवा चलने के कारण वह आग पर काबू नहीं पा सके। इसी दौरान एक पांच साल का बच्चा अजीत झुग्गी के अंदर ही रोता और चीखता रहा लेकिन उसके चारों ओर लगी आग की लपटों में घिरकर वह बुरी तरह जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस आग में सभी परिवारों का झुग्गियों में रखा खाने-पीने का और अन्य पूरा सामान जलकर राख हो गया।
गैस सिलिंडर के फटने से आग लगने का अंदेशा
आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। इसके साथ ही एक झुग्गी में रखे गैस सिलिंडर में धमाका होने की जानकारी भी मिली है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस घटना पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए मृतक के परिवार को दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
13 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड
खरड़ के फायर अफसर मोहन लाल वर्मा ने बताया कि खरड़ फायर बिग्रेड को सवा 4 बजे इस हादसे की सूचना मिली। इसके बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मात्र 13 मिनट में मौके पर पहुंच गई। तब तक सभी झुग्गियों में आग फैल चुकी थी। फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने इन झुग्गियों में लगी आग पर काबू पाया। फायर बिग्रेड के उप फायर अफसर उमेश कुमार, विक्रम सिंह, आकाशदीप सिंह, कुलदीप सिंह, तेजिंदर सिंह, विरेंदर सिंह, गुरमीत सिंह और तारा सिंह आदि ने आग पर काबू पाया।