जालंधर बम धमाके का भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार, 2015 में कार में हुआ था ब्लास्ट, सीबीआई को थी तलाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ष 2015 में जालंधर के मकसूदा में हुए बम धमाके में भगौड़े रत्न धंजल उर्फ चूहा (34) को सोमवार देर शाम क्राइम ब्रांच लुधियाना की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। धंजल ने बम धमाके के लिए आरडीएक्स की सप्लाई की थी। सीबीआई ने धंजल के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 28 नवंबर 2017 को सीबीआई अदालत ने धंजल को भगोड़ा घोषित किया था।
धंजल की गिरफ्तारी के बाद मसकूदा ब्लास्ट के संबंध में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। वही धंजल की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सीबीआई की टीम भी लुधियाना पहुंच गई है। सीबीआई और क्राइम ब्रांच की टीमें मिलकर धंजल से पूछताछ कर रही है।
वर्ष 2015 में जालंधर के मकसूदा में कार में ब्लास्ट हुआ था। इस हादसे में जालंधर की मोती नगर निवासी अजय कुमार शर्मा की मौत हो गई थी और जगमोहन सिंह घायल हो गया था। इस ब्लास्ट के लिए आरडीएक्स की सप्लाई जीवन नगर (सिरसा) हरियाणा निवासी रत्न धंजल उर्फ चूहा ने की थी। सीबीआई ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इस मामले के आरोपी रत्न धंजल उर्फ चूहा व महिंगा सिंह निवासी संत नगर जिला सिरसा को स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट (सीबीआई) जतिंदर पाल सिंह की अदालत ने 28 नवंबर 2017 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। ब्लास्ट में शामिल पलविदंर सिंह उर्फ डिंपल निवासी दिल्ली, हरभेज सिंह निवासी जीवन सिंह नगर, हरदीप सिंह निवासी भुलथ (कपूरथला) को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सोमवार को लुधियाना क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली की रत्न धंजल उर्फ चूहा जीवन सिंह नलगर स्थित अपने घर पर आया हुआ है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंच कर रत्न धंजल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रत्न धंजल को साल 2015 में थाना साहनेवाल एरिया में हुए एक कत्ल के मामले में गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि धंजल नवीं कक्षा तक पढ़ा है। पढ़ाई छोड़ने के बाद उसने खेती करना शुरू कर दी थी। खेती में मुनाफा नहीं होने के कारण उस पर कर्ज का बोझ बढ़ गया। आखिरकार उसने अपनी जमीन बेच दी। इसके बाद ठेके पर जमीन लेकर खेती करनी शुरू कर दी थी। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि धंजल से पूछताछ की जा रही है। सीबीआई की टीम भी यहां पहुंच चुकी है। वह भी उससे पूछताछ करने में जुटी है।