पंजाब: पुलिस ने घर पर दी दबिश तो तस्कर ने दरवाजा बंद कर सीवर में बहा दी शराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब पुलिस ने रविवार सुबह गांव भराड़ीवाल में एक शराब तस्कर के घर छापा मारा तो घर के बाहर का माहौल देखकर एकबारगी तो पुलिसकर्मी भी चौंक गए। घर के बाहर व गली के दूसरे कोने तक प्लास्टिक की थैलियों में पड़ी शराब, प्लास्टिक के गिलास व घर के सामने की दीवार में लगे सरकारी नलके के नीचे बिखरे खाने के सामान से स्पष्ट था कि रात को यहां शराब पिलाई जाती है।
पुलिस को घर के बाहर खड़े देखकर नशा तस्कर ने घर में रखी अवैध शराब को बाहर फेंकना शुरू कर दिया। तस्कर ने घर के बीच बने सीवरेज के ढक्कन को खोलकर उसमें भी शराब फेंकी। पुलिस मुलाजिम उसे चेतावनी देते रहे लेकिन वह अवैध शराब के सबूत मिटाता रहा। इसके बाद पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई।
पुलिस ने जब घर में घुसने की कोशिश की तो नशा तस्करों ने घर के सभी दरवाजे बंद कर लिए। पुलिस ने कई बार प्रयास किया लेकिन भीतर से कोई आवाज नहीं आई। पुलिस तस्कर के घर के सामने वाले मकान की छत से दो सीढ़ियां लगाकर उसकी बालकनी में पहुंची। नशा तस्कर ने वहां की खिड़कियों को भी बंद कर दिया। घर के बाहर इतनी ग्रिल लगाई हुई है, ताकि कोई प्रवेश न कर सके। पुलिस एक घंटा दरवाजा पीटती रही लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस ने घर के चारों तरफ घेरा डाल दिया। घर का ताला इसलिए न तोड़ा जा सका क्योंकि पुलिस के पास अदालती आदेश नहीं थे।
मेन गेट के बीच बने छोटे किवाड़ से बांटता था जहर
दिनभर की मजदूरी के पैसों में से प्याली पीने आने वाले ग्राहकों के लिए तस्कर ने घर के मुख्य प्रवेश द्वार के बीचों-बीच एक छोटा किवाड़ बनाया हुआ है। यहां से तस्कर आने वाले ग्राहक को देखता है। उससे पैसे लेकर इसी किवाड़ से प्याली पकड़ा देता है। लोहे के इस भारी भरकम गेट में जहां छोटा किवाड़ बनाया हुआ है, वह प्याली पीने वालों के हाथ लगने से से लगभग गल चुका है। शेष गेट अच्छी हालत में था।
पुलिस को देख बंद कर लेते हैं दरवाजे: एसीपी
एसीपी प्रवेश चोपड़ा के अनुसार पुलिस ने उन तस्करों की एक सूची तैयार की है, जो जहरीली शराब के काले कारोबार में शामिल हैं। इसी के तहत इस तस्कर के घर छापेमारी की गई है। यह नशा तस्कर बीते 20 साल से इस धंधे में है। इस घर में रेड के लिए तीन थानों के एसएचओ और भारी संख्या में पुलिस कर्मचारी शामिल थे। यह इलाका शराब की तस्करी के लिए बदनाम है।
पुलिस जब यहां दस्तक देती है तो तस्कर घरों के दरवाजे बंद कर लेती है। बेशक अभी तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया गया है लेकिन इसके विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं उन्होंने तस्कर के नाम के बारे में नहीं बताया। उन्होंने कहा जब उसकी गिरफ्तारी होगी तो जानकारी दे दी जाएगी। देर रात तक पुलिस ने आरोपी के घर के बाहर नाका लगाया था।