हरियाणा: कस्टडी में शराब घोटाले के 'किंगपिन' भूपेंद्र की तबीयत बिगड़ी, पीजीआई रोहतक में भर्ती
- सीने में दर्द की शिकायत के बाद खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची पुलिस
- परिजनों ने लगाया पुलिस पर पिटाई करने का आरोप, खरखौदा में भारी पुलिस बल तैनात
- सरपंच ने कहा- पुलिस कराती थी गांव में अवैध शराब की बिक्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शराब तस्करी के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी भूपेंद्र की तबीयत शुक्रवार शाम 6:45 बजे अचनाक बिगड़ गई। भूपेंद्र को सीने में दर्द की शिकायत पर सीएचसी खरखौदा लाया गया। उधर परिजन और ग्रामीण सूचना पर सीएचसी पहुंचे, उन्होंने पुलिस पर भूपेंद्र को पीटने का आरोप लगाया है। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हंगामे के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हालत खतरे से बाहर, कार्डियोलॉजी में शिफ्ट
शुक्रवार रात 8:00 बजे भूपेंद्र को पीजीआई लाया गया। यहां पर उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। रिपोर्ट नॉर्मल आने पर उसे रात 9:15 बजे आपातकालीन विभाग से कार्डियोलॉजी विभाग में शिफ्ट कर दिया गया। एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि उसके कमरे के बाहर गार्ड तैनात कर दिया है। डीएसपी पीजीआई और थाना प्रभारी उस पर निगरानी रखेंगे।
इसे भी पढ़ें- किंगपिन भूपेंद्र बोला- मेरे मोबाइल के मैसेज से होगा बड़ा खुलासा, इंस्पेक्टर की सेटिंग का राज भी
पीजीआई में आरोपी भूपेंद्र ने छाती और सिर में दर्द की शिकायत बताई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसकी ईसीजी, ब्लड टेस्ट आदि किए लेकिन रिपोर्ट सामान्य आई। मरीज की सूचना पर मेडिसन विभाग के डॉक्टरों ने जांच की और कार्डियोलॉजी विभाग की राय मांगी। इसके बाद भूपेंद्र को कार्डियोलॉजी विभाग में शिफ्ट कर दिया गया। उनकी ट्रॉप-टी जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
परिजनों का आरोप: रास्ते से हटाना चाहते हैं
अस्पताल पहुंचे भूपेंद्र के परिजनों ने पुलिस पर भूपेंद्र की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुलिस की पिटाई से ही भूपेंद्र की हालत बिगड़ी है। गांव की सरपंच मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र को रास्ते से हटाने के लिए उसकी पिटाई की है। वहीं खरखौदा सीएचसी के मेडिकल अफसर डॉ. रवीश ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत पर जांच की तो भूपेंद्र का बीपी बढ़ा हुआ मिला।
बीपी नॉर्मल, जल्द कस्टडी में लेंगे: एसपी
आरोपी भूपेंद्र को अचानक तबीयत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल में लाया गया था। वहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां उसकी तबीयत ठीक है। अब उसका बीपी भी नार्मल है, जल्द ही उसे कस्टडी में लेंगे।- जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत
भूपेंद्र ने कहा हार्ट अटैक, चेकअप करवाया तो बीपी 120/80
भूपेंद्र का बीपी 120/80 आने के बाद उसे घूमा फिरा कर देखा गया और उसके बाद उससे बातचीत की गई तब पता चला कि स्थिति सामान्य है। भूपेंद्र की पल्स 68 पाई गई। भूपेंद्र की तबियत खराब होने की खबर हरियाणा पुलिस के व्हाटस एप ग्रुप में भी फैली। किसी ने यह खबर उड़ा दी कि मामला गंभ्ीार है। जिसके बाद गांव के लोग भी एकत्र होना शुरू हो गए और पुलिस को एहतियातन अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवानी पड़ी।
बाद में भूपेंद्र को चला फिरा कर देखा गया और सब सामान्य पाया गया। अब पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है कि यह अफवाह कहां से फैली। उधर पुलिस को भूपेंद्र को मोबाइल से कई लोगों से बातचीत और एसएमएस के रिकार्ड मिले हैं। जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस के कुछ अफसर भी इस शराब घोटाले में शामिल हो सकते हैं। आसपास के थाना क्षेत्र में शामिल थानेदारों की भी मोबाइल डिटेल खंगाली जा रही है।