कमलेश तिवारी हत्याकांडः चंडीगढ़ में मिली हत्यारों की लोकेशन, चार राज्यों की पुलिस खोजने में जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार की रात 10.30 बजे देखते ही देखते चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहरी इलाके को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। चार राज्यों के 250-300 पुलिसकर्मियों को रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर देखकर रेल यात्री भी दहशत में आ गए। किसी को माजरा समझ नहीं आ रहा था। फिर शुरू हुआ पुलिस का सर्च अभियान।
पुलिस ने स्कैच दिखाकर रेल यात्रियों से पूछताछ की तो पता चला कि यूपी, गुजरात, यूटी, पंजाब व हरियाणा सहित रेलवे के पुलिस बल के मुलाजिम हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी हत्याकांड में आरोपियों के तलाश में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। अभी भी इस मामले में पुलिस को दो आरोपियों की तलाश है।
पुलिस से सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को जांच में जुटी पुलिस को लखनऊ के होटल खालसा के कमरे की अलमारी में बैग, लोअर, लाल रंग का कुर्ता मिला है। वहां से पुलिस को सुराग मिला कि वे चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। इसके बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां पर उनकी पड़ताल की। लखनऊ से आने वाली लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के यात्रियों से भी पूछताछ की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
गेटअप बदल रहे अपराधी
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि इस हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस चंडीगढ़ पहुंची थी, वे गेटअप बदलकर छुप रहे हैं। कभी वे मुस्लिम तो कभी पंजाबी के गेटअप बदलकर पुलिस की नजरों से बच रहे हैं। पुलिस की माने तो उनके मोबाइल की लोकेशन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन इलाके में पाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा।
मैसेज फ्लैश होने के बाद पंजाब, यूटी व हरियाणा पुलिस हुई अलर्ट
लखनऊ के आईजी एसके भगत का मैसेज यूटी, पंजाब, जीआरपी व आरपीएफ पुलिस के आला अधिकारियों को मिला। मैसेज मिलते ही यहां की पुलिस भी अलर्ट गई थी। शनिवार की देर शाम संयुक्त ऑपरेशन में यहां की पुलिस ने यूपी और गुजरात पुलिस का साथ दिया।
एसआईटी कर रही है, मामले की जांच
कमलेश तिवारी हत्याकांड की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। इसमें लखनऊ के आईजी एसके भगत, लखनऊ के क्राइम एसपी दिनेश पुरी और एसटीएफ के डिप्टी एसपी पीके मिश्रा शामिल हैं। वे इस मामले की जांच कर रहे हैं।
पैगंबर साहिब को लेकर की विवादित टिप्पणी के बाद हुई थी कमलेश की हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी पर शुक्रवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया था। उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी।
गौरतलब है कि कमलेश की हत्या का कारण पैगंबर साहिब को लेकर दिए गए विवादित टिप्पणी थी। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। इसके बाद काजमी और हक ने 2016 में कमलेश का सिर कलम करने पर क्रमश: 51 लाख और डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।