परिणीति को लेकर सरकार के खिलाफ बेटी, मोदी निशाने पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में बालीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर बनाने को लेकर उपजा विवाद अभी थमा भी नहीं है कि शुक्रवार को हुड्डा सरकार के दौरान ‘सेव गर्ल चाइल्ड सेव एनवायरमेंट’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर ईशिता उप्पल ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि वे अभी तक प्रदेश में भ्रूण हत्या के खिलाफ अभियान की ब्रांड एंबेसडर हैं, लेकिन सत्ता बदलते ही राजनीतिक कारणों से उन्हें दरकिनार कर नई ब्रांड एंबेसडर की घोषणा कर दी गई।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में ईशिता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद से अब तक कई बार मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग चुकी हैं, लेकिन आज तक मुख्यमंत्री खट्टर ने समय नहीं दिया।
ईशिता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी शिकायत है, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम थे, तब उन्होंने कई बार उन्हें फोन कर गुजरात आने का न्योता दिया और साथ ही हरियाणा में चलाए जा रहे भ्रूण हत्या के खिलाफ अभियान की जानकारी भी मांगी।
सरकार के रवैये पर जताया अफसोस
ईशिता ने कहा कि परिणीति को ब्रांड एंबेसडर बनाने पर ऐतराज नहीं है, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से सीएम कार्यालय के अधिकारी ने दो महीने तक उनसे बातचीत की, दस्तावेज मंगाए और फिर परिणीति के नाम का ऐलान कर दिया। ईशिता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुझे यह जानकारी भी नहीं दी कि मैं ब्रांड एंबेसडर हूं या नहीं।
उन्होंने प्रदेश सरकार के रवैये पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने माधुरी दीक्षित और प्रदेश सरकार ने परिणीति के रूप में ऐसे चेहरों को ब्रांड एंबेसडर बनाया है।
मोदी पर नजरअंदाज करने का आरोप
ईशिता ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने ‘सेव गर्ल चाइल्ड सेव एनवायरमेंट’ अभियान से प्रभावित होकर ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया, लेकिन पानीपत में इसका आगाज करते हुए हरियाणा की ब्रांड एंबेसडर होने के नाते भी उन्हें प्रोग्राम में नहीं बुलाया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे पत्रों पर भी मोदी स्वयं जवाब नहीं दे रहे बल्कि उनके किसी अधिकारी ने बीते दिनों उन्हें पत्र के जवाब में लिखा कि यह जरूरी नहीं कि हर पत्र का जवाब पीएम ही दें।