क्या वतन लौट आएंगे इराक में फंसे भारतीय?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इराक में आतंकियों की ओर से अगवा किए गए 40 भारतीयों के परिजनों के मन में उम्मीद की किरण जगाने वाला एक नया मोड़ आया है। अगवा हुए 40 भारतीयों के पिछले चार दिन से बंद पड़े मोबाइल फोन में से तीन के मोबाइल पर घंटी बजने लगी है। हालांकि दूसरी तरफ से फोन कोई उठा नहीं रहा लेकिन तीनों मोबाइल पर शुक्रवार रात लगातार घंटी बज रही थी और भेजे जा रहे एसएमएस भी डिलीवर हो रहे थे।
होशियारपुर के गांव छावनी कलां के निवासी और अगवा हुए 40 पंजाबियों में शामिल कमलजीत के भाई परमिंदर ने बताया कि वह पिछले चार दिन से लगातार अपने भाई कमलजीत और जीजा कुलविंदर निवासी भोगपुर व गुरदीप निवासी जैतपुर के मोबाइल पर कॉल करता रहा है लेकिन उनके मोबाइल बंद ही चल रहे थे।
परमिंदर ने बताया कि अगवा हुए सभी भारतीय जिस कंपनी के कर्मचारी थे, वह भी दो साल तक उसी में काम कर चुके हैं। ऐसे में अगवा हुए लोगों में से अधिकतर उसके दोस्त व परिचित थे। उनमें से कुछ के मोबाइल नंबर उसके पास थे।
लगातार घंटी जा रही है मगर कोई फोन नहीं उठा रहा
उसने बताया कि वह लगातार उन सभी नंबरों पर फोन करता आ रहा था। उसने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे जब उसने जीजा कुलविंदर के मोबाइल पर फोन किया तो घंटी बज उठी हालांकि किसी ने फोन नहीं उठाया। इस पर उसने कई बार कॉल की लेकिन फोन उठाया नहीं गया।
इसके बाद उसने एक-एक कर अपने पास मौजूद सभी नंबर ट्राई किए तो उसके पुराने साथी मन्नू निवासी फतेहगढ़ चूड़ियां का मोबाइल भी स्विच ऑन मिला। उस पर भी लगातार घंटी बजती रही लेकिन उसने भी फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसने अपने भाई की ओर से कुछ दिनों पहले दिए गए एक अन्य नंबर पर फोन किया तो उस पर भी घंटी बज रही थी।
परमिंदर ने बताया कि अगवा हुए 40 युवकों में से तीन के मोबाइल शुक्रवार को चार दिन बाद स्विच ऑन हुए हैं। किसी ने फोन नहीं उठाया तो उसने एक एसएमएस भी डाला है कि अगर अपनी सलामती की खबर देने को कॉल नहीं कर सकते तो मैसेज या मिस कॉल ही कर दें। हालांकि देर रात खबर लिखे जाने तक पूरा परिवार जवाब का इंतजार कर रहा था।
कुछ युवकों ने बताई है अपनी लोकेशन
इराक में फंसे भारतीयों को वतन वापस लाने की कवायद शुरू हो गई है, लेकिन सवाल कायम है कि क्या वे लौट आयेंगे? इराक में फंसे पंजाबियों का आंकड़ा शुक्रवार शाम तक 201 पहुंच गया। पंजाब सरकार द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम पर पंजाब में रहने वाले उनके परिजनों ने फोन करके सूचना दी।
वहीं, इराक से भी कुछ लोगों ने कंट्रोल रूम पर फोन कर अपनी लोकेशन बताई। कुछ जिलों से प्रशासन ने भी जानकारी जुटा कर भेजी है। पंजाब सरकार ने इराक में फंसे सभी पंजाबियों की विस्तृत रिपोर्ट विदेश मंत्रालय को भेज दी है।
एनआरआई मामलों के मंत्री जत्थेदार तोता सिंह ने कहा कि इराक में फंसे पंजाबी फिलहाल सुरक्षित हैं। पर केंद्र सरकार से मांग की गई है कि जल्द से जल्द उन्हें सकुशल वापस लाने का इंतजाम किया जाए। क्योंकि इराक में हालात लगातार खराब हो रहे हैं।
सुरक्षित तो हैं पर वतन लौटना चाहते हैं
उन्होंने बताया कि इराक से कंट्रोल रूम पर फोन करने वालों ने बताया कि वह सुरक्षित हैं, पर जल्द से जल्द वतन लौटना चाहते हैं। इन लोगों ने अपनी लोकेशन भी बताई है, जिसे विदेश मंत्रालय को भेज दिया गया है।
कंट्रोल रूम के नंबर लगातार टीवी चैनलों, सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फ्लैश किए जा रहे हैं। वीरवार को 78 लोगों के बारे में जानकारी मिली थी। शुक्रवार शाम पांच बजे तक 123 और लोगों केबारे में जानकारी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लगातार विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के संपर्क में हैं। वहीं, सरकार के सीनियर अफसर भी विदेश मंत्रालय से तालमेल बनाए हुए हैं।
किसे जिले के कितने लोग फंसे
गुरदासपुर - 22
नवांशहर - 7
जालंधर - 29
पटियाला - 6
होशियारपुर - 13
कपूरथला - 28
लुधियाना - 9
बरनाला - 3
रोपड़ - 34
पठानकोट - 5
फतेहगढ़ साहिब - 12
अमृतसर - 23
बठिंडा - 1
मोगा - 1
मोहाली - 5
तरनतारन - 1
इराक में हरियाणा के 110 युवक, सरकार ने केंद्र से साधा संपर्क
इराक में हरियाणा के 110 युवक फंस गए हैं। हरियाणा के कंट्रोल रूम में शुक्रवार तक इन युवकों के परिजनों ने फोन कर उनके फंसे होने की सूचना दी है। उधर, हरियाणा सरकार ने केंद्र से संपर्क साधकर फंसे युवकों को सुरक्षित लाने का आग्रह किया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निर्देश पर दिल्ली में हरियाणा के अतिरिक्त स्थानीय आयुक्त आनंद मोहन शरण ने विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव को पत्र लिखा है।
पत्र में हरियाणा के फंसे युवकों की जानकारी दी है। साथ में आग्रह किया है कि इन फंसे युवकों को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया जाए। उनका सारा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी। हालांकि सूची में सिर्फ 30 युवकों की जानकारी दी गई थी मगर कंट्रोल रूम में शुक्रवार देर रात तक 110 की जानकारी पहुंच गई थी।
उधर, हरियाणा सरकार ने फंसे युवकों की पूरी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी है ताकि इराक में संपर्क साधा जा सके। इसके अलावा इराक स्थित भारतीय दूतावास को भी हरियाणा के फंसे युवकों की सूची भेजी गई है। कुरुक्षेत्र जिले के 28, यमुनानगर जिले के 26, अंबाला के 25, करनाल के 23, कैथल के 4, सिरसा, रोहतक, भिवानी और महेंद्रगढ़ के एक-एक युवक फंसे हुए हैं।