हरियाणा में रुक-रुक कर हुई बारिश, तीन से आठ डिग्री बढ़ा रात्रि तापमान, बिजली गिरने से दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार दूसरे दिन हरियाणा के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई इस बारिश के कारण जहां दिन के तापमान में कमी आई है, वहीं रात्रि तापमान सामान्य से 3 से 8 डिग्री तक बढ़ गया है। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान करनाल का 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि यहां का दिन का तापमान 16.8 प्रदेश में दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान रहा।
रोहतक का अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल का दिन का तापमान सबसे अधिक 20 डिग्री सेल्सियस रहा। रात्रि तापमान सबसे कम भिवानी का 8.8 डिग्री सेलिसयस दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। हिसार में 13.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बिजली गिरने से दो की मौत
सिरसा के चोपटा में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। ओलावृष्टि से सरसों, गेहूं और चना की फसल को नुकसान होने का अंदेशा है। सिरसा में मंगलवार तड़के बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा बिजली गिरने से सिकंदरपुर गांव निवासी कश्मीर सिंह (42) और गोरीवाला के मोड़ी गांव निवासी राजेश कुमार (25) की मौत हो गई। यहां आठ एमएम बारिश दर्ज की गई।
फतेहाबाद के गांव बोदीवाली में मंगलवार सुबह हुई ओलावृष्टि से सरसों, गेहूं और चना की फसलों को नुकसान हुआ है। जिले में पांच एमएम बारिश दर्ज की गई है। भिवानी में 24 घंटे के दौरान 35.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। शाम पांच बजे चांग क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई।
आज कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में छह जनवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान रात्रि तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत में अभी भी बरकरार है, जिसके कारण बुधवार को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। प्रदेश में छह जनवरी के बाद आमतौर पर मौसम खुश्क रहेगा और गुरुवार से सुबह के समय धुंध और रात्रि तापमान में गिरावट की संभावना है।
विभिन्न जगहों का तापमान
- स्थान अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला 19.3 14.3
- भिवानी 17.5 8.8
- हिसार 19.0 12.8
- करनाल 16.8 15.0
- नारनौल 20.0 12.5
- रोहतक 16.3 14.0
- सिरसा 19.4 14.5