सेवानिवृत्त एडीजीपी अनिल राव को हरियाणा सीएमओ में मिली अहम जिम्मेदारी, कई अफसरों के तबादले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के सेवानिवृत्त एडीजीपी अनिल राव को मुख्यमंत्री कार्यालय में अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें जन सुरक्षा, शिकायत एवं सुशासन सहयोगी कार्यक्रम का सलाहकार नियुक्त किया गया है। उन्हें सीएम विंडो के ओवरऑल प्रभारी भी लगाया है। उनका कार्यकाल 2 साल का रहेगा। सीआईडी प्रमुख के पद से राव 31 जुलाई 2020 को सेवानिवृत्त हुए थे।
सेवानिवृत्त होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि राव को सीएमओ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा उन्हें पुलिस शिकायत प्राधिकरण का चेयरमैन लगाने व हरियाणा सतर्कता आयोग का जिम्मा देने की भी चर्चा थी। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने मंगलवार को अनिल राव को जन सुरक्षा, शिकायत एवं सुशासन सहयोगी कार्यक्रम का सलाहकार व सीएम विंडो का ओवरऑल प्रभारी नियुक्त करने के आदेश जारी किए।
उन्हें अंतिम नियुक्ति के समय मिले वेतन में से पेंशन को हटाकर हर महीने अदायगी की जाएगी। उनका मुख्यालय गुरुग्राम होगा व भत्तों के साथ अन्य सुविधाएं सीआईडी प्रमुख के पद अनुसार मिलेंगी। बजट हेड-2052 सचिवालय सामान्य सेवाएं के तहत उनके कार्यालय पर सारा खर्च होगा। वित्त विभाग ने भी खर्च संबंधी प्रावधानों को मंजूरी दे दी है।
हरियाणा में कई अफसरों के भी तबादले, एसडीएम भी बदले
हरियाणा सरकार ने प्रशिक्षण पूरा कर चुके 2018 बैच के चार आईएएस अधिकारियों को उप मंडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा 2016 बैच के दो आईएएस अधिकारियों को सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट के रूप में उनका कार्यकाल पूरा होने पर अतिरिक्त उपायुक्त लगाया है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारियों जिन्हें उपमंडल अधिकारी लगाया गया है। उनमें अखिल पिलानी को थानेसर का उपमंडल अधिकारी (नागरिक), अपराजिता को बल्लभगढ़ का उपमंडल अधिकारी (नागरिक), आयुष सिन्हा को करनाल का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और सचिन गुप्ता को अंबाला का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) नियुक्त किया गया है।
2016 बैच के अधिकारियों जिन्हें नई पोस्टिंग दी गई है। उनमें बेरी के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) राहुल नरवल को भिवानी का अतिरिक्त उपायुक्त और आरटीए, भिवानी का सचिव लगाया गया है। महम के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अभिषेक मीणा को महेंद्रगढ़ का अतिरिक्त उपायुक्त और आरटीए, महेंद्रगढ़ का सचिव लगाया गया है।
आईएएस अधिकारी प्रीति जो वर्तमान में भिवानी की अतिरिक्त उपायुक्त और आरटीए, भिवानी कि सचिव हैं, को अंबाला का अतिरिक्त उपायुक्त और आरटीए, अंबाला का सचिव लगाया गया है। चार एचसीएस अधिकारियों में एचसीएस अधिकारी रविंद्र यादव, जो वर्तमान में रेवाड़ी के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हैं, को बेरी का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।
एचसीएस अधिकारी बेलिना, जो वर्तमान में बल्लभगढ़ की उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हैं, को हांसी का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है। एचसीएस अधिकारी जितेंद्र सिंह, जो वर्तमान में हांसी के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हैं, को महम का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और मनोज कुमार को रेवाड़ी का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) लगाया गया है।