कोरोना पर हरियाणा की तैयारी कैसी, सीएम ने पीएम को बताई स्थिति, प्रतियोगी परीक्षाओं पर जताई चिंता
- हरियाणा में 299 हुए पॉजिटिव 205 ठीक किए
- प्रतियोगी परीक्षाओं की अनिश्चितता पर चिंता जताई
- सूबे के 32 लाख लोगों ने डाउनलोड किया आरोग्य सेतु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना को लेकर प्रदेश की स्थिति साफ की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के संबंध में वर्तमान आंकड़े काफी आशाजनक हैं। प्रदेश में प्रतिदिन 3115 सैंपल टेस्ट किए जा रहे हैं। आज तक किए गए कुल 22,243 टेस्ट में से केवल 299 पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इलाज के बाद 205 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्रियों के साथ संवाद में सीएम ने कहा कि हमारे लिए प्रत्येक व्यक्ति का जीवन कीमती है। हम हर किसी को बचाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं लेकिन फिर भी दुर्भाग्यवश राज्य में कोविड-19 से 3 व्यक्तियों की जान गई है। राज्य में स्क्रीनिंग और टेस्टिंग पर बहुत जोर दिया जा रहा है।
आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी वर्कर्स इत्यादि के साथ राज्य में कुल 20,792 टीमें बनाई गई हैं। शत-प्रतिशत परिवारों की स्क्रीनिंग के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरे उत्साह और सावधानी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के दौरान जो भी कोराना संक्रमण के संभावित व्यक्ति मिलते हैं, उनका टेस्ट किया जा रहा है।
सीएम मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री का ध्यान प्रतियोगी परीक्षाओं की तरफ आकर्षित किया। उम्मीद है कि इन प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जल्द ही केंद्र सरकार स्थिति साफ कर देगी। सीएम ने मोदी से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए अनिश्चतता का माहौल समाप्त होना चाहिए। उन्होंने केंद्र से मांग की है कि 12 वीं के बाद होने वाले प्रतियोगी परीक्षा एनडीए, इंजीनियरिंग, जेईईई, एनईईटी को लेकर विद्यार्थियों में असमंजस है।
32 लाख ने डाउनलोड किया आरोग्य सेतु
सीएम ने कहा कि राज्य में अब तक 32.21 लाख लोग आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर चुके हैं। इस समय पूरे प्रदेश में 155 कंटेनमेंट जोन हैं, जहां लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में लगभग 19 हजार मरीजों के लिए क्वारंटीन व्यवस्था व 9444 मरीजों के लिए आइसोलेशन बेड की व्यवस्था है। राज्य में 1101 वेंटिलेटर चालू हालत में हैं। इसके अतिरिक्त, सर्जिकल मास्क एवं पीपीई किट्स की भी कोई कमी नहीं है।
किसानों को एसएमएस से दी जा रही जानकारी
राज्य में शुरू की गई कृषि गतिविधियों के बारे प्रधानमंत्री को अवगत कराते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में गेहूं एवं सरसों की आवक और खरीद के कार्य में पूरी सावधानी बरती जा रही है। हर मंडी में किसानों व मजदूरों के लिए मास्क, सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में किस किसान को किस दिन, किस मंडी में किस समय अपनी फसल लानी है, ऐसी सूचना उन्हें दो दिन पहले एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों, आढ़तियों, किसानों और श्रमिकों को कोविड के खिलाफ निःशुल्क 10 लाख रुपये जीवन बीमा कवर भी दिया गया है।