बड़ी सौगात: पंचकूला में खुला देश का 17वां NIFT, सीएम मनोहर लाल और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि एनआईएफटी की नीति के मुताबिक इस संस्थान में 20 प्रतिशत सीट हरियाणा वासियों के लिए आरक्षित होंगी। इस संस्थान में फैशन डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, अपैरल प्रोडक्शन के क्षेत्रों में चार वर्षीय डिग्री कोर्स और फैशन टेक्नॉलोजी, डिजाइन और फैशन मैनेजमेंट में दो वर्षीय मास्टर डिग्री कोर्स होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकूला के सेक्टर-23 में मंगलवार को 133.16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) का उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पंचकूला में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना से न केवल पंचकूला बल्कि पूरे हरियाणा के इतिहास में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। देश का यह 17वां कैंपस है। इसका विकास विश्व स्तर के एनआईएफटी कैंपस के रूप में किया जाएगा। इस संस्थान की आधारशिला 29 दिसंबर 2016 को तत्कालीन केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने रखी थी। इस संस्थान की स्थापना केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय और निफ्ट, दिल्ली के सहयोग से की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में दूसरे चरण में जो भी काम होंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री से भी इसमें सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री सहमत हों तो 50:50 के अनुपात के आधार पर इसे पूरा किया जाएगा। दूसरे चरण में हॉस्टल, थिएटर और ऑडिटेरियम बनाने की योजना है।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, शिक्षा मंत्री कंवरपाल, सांसद रतनलाल कटारिया, तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी, उपायुक्त महावीर कौशिक, नगर निगम पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, डीसीपी सुरेंदर पाल सिंह, नगर निगम के आयुक्त धर्मवीर सिंह, नगराधीश गौरव चौहान, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, पूर्व गेल निदेशक बंतो कटारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
करवाए जाएंगे यह कोर्स, 20 फीसदी सीट हरियाणा की
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि एनआईएफटी की नीति के मुताबिक इस संस्थान में 20 प्रतिशत सीट हरियाणा वासियों के लिए आरक्षित होंगी। इस संस्थान में फैशन डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, अपैरल प्रोडक्शन के क्षेत्रों में चार वर्षीय डिग्री कोर्स और फैशन टेक्नॉलोजी, डिजाइन और फैशन मैनेजमेंट में दो वर्षीय मास्टर डिग्री कोर्स होंगे।
इसके अलावा, एक साल और छह महीने की अवधि के प्रमाणपत्र कार्यक्रम भी होंगे। हालांकि राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, पंचकूला में एनआईएफटी के अस्थायी परिसर में लघु अवधि के पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2019-20 से शुरू कर दिए गए थे। वर्तमान में कुल 259 विद्यार्थियों के साथ तीन यूजी और दो पीजी पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अलावा, शैक्षणिक सत्र 2022-23 से एक और यूजी कोर्स शुरू किया जा रहा है।
रोजगार की नहीं रहती कमी
एनआईएफटी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि 33 विद्यार्थियों का एक बैच अपनी पढ़ाई पूरी कर चुका है। उनमें से 27 को कैंपस प्लेसमेंट मिल गई। चार ने अपना स्टार्टअप शुरू किया है और दो विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए बाहर चले गए हैं। यहां से पढ़ाई के बाद रोजगार की कोई समस्या नहीं रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान की स्थापना होने के बाद फैशन डिजाइन के क्षेत्र में कैरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की मुख्यमंत्री की तारीफ
पीयूष गोयल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि एनआईएफटी का यह कैंपस लैंडमार्क कैंपस के रूप में उभरेगा। यहां से निकलने वाले प्रोफेशनल फैशन की दुनिया में अपना उल्लेखनीय योगदान देंगे। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ की और कहा कि उन्होंने जिस प्रकाश से प्रदेश में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ को प्राथमिकता दी, उससे महिलाओं का सशक्तीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि एनआईएफटी के माध्यम से भी बेटियां आगे बढ़ेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्थान में दूसरे चरण का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा, क्योंकि मनोहर लाल 24x7 सीएम हैं।