एक पैलेस में चल रहे शादी समारोह में हंगामा हो गया। दरअसल मंडप पर बैठा दूल्हा अचानक गायब हो गया है। पुलिस ने दूल्हे को हिरासत मेें ले लिया है। आखिरकार आप भी सोच रहे होंगे की ये मामला है क्या। पूरा मामला यह है कि पंजाब के लुधियाना में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
अचानक मंडप से दूल्हा गायब हो गया। तोड़ी देर बाद दूल्हा सामने आया तो उसने तीन लाख रुपये की मांग रख दी। इसी बात से नाराज दुल्हन के घरवालों ने दूल्हे को पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं दूल्हे के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को फेरों से ठीक पहले उसकी प्रेमिका ने फोन कर आत्महत्या करने की धमकी दी। इसलिए उसने शादी से इंकार किया। फिलहाल डिविजन नंबर-3 पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महाजन रोड भामिया निवासी राज कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसकी बेटी का विवाह जालंधर के संतोख पुरा निवासी दीपक कुमार के साथ तय हुआ था।
शुक्रवार को आरोपी दीपक कुमार बारात लेकर पैलेस पहुंचा। फेरों से ठीक पहले दीपक कुमार ने कहा कि उसे घबराहट हो रही है, वह उल्टी करने का बहाना बनाकर बाथरूम की तरफ भाग गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पता चला कि वह फेरों से पहले तीन लाख रुपये देने की मांग कर रहा है।
सभी लोगों ने उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश राज के अनुसार आरोपी दीपक कुमार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी है।