{"_id":"6574c10aad77b74f080a3757","slug":"government-schools-will-get-974-new-teachers-in-the-new-session-chandigarh-news-c-16-sml1026-302055-2023-12-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh News: नए सत्र में सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 974 नए शिक्षक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh News: नए सत्र में सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 974 नए शिक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। सत्र 2024-25 में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को शिक्षक के साथ युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। शिक्षा विभाग समग्र शिक्षा अभियान के तहत 147 टीजीटी और जेबीटी पदों पर नियुक्ति करने जा रहा है। इससे नए सत्र में जॉइन करने वाले शिक्षकों की संख्या बढ़कर 974 हो जाएगी।
सत्र 2023-24 में शिक्षा विभाग ने 827 स्थायी भर्तियां निकाली हैं, जिनमें से स्पेशल एजुकेटर, पीजीटी और जेबीटी के लिए आवेदन भरे जा चुके हैं। इनकी जनवरी-फरवरी महीने में परीक्षा है। इसमें जेबीटी के 293, स्पेशल एजुकेटर के 96, पीजीटी के 98, एनटीटी के 40 और टीजीटी के 300 पद हैं। इसके अलावा विभाग समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत टीजीटी के 48 और जेबीटी के 99 पदों पर भर्ती करेगा।
विज्ञापन
स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने कहा कि जेबीटी के अलावा सभी पदों की भर्ती प्रक्रिया अप्रैल माह से पहले पूरी कर ली जाएगी है ताकि विद्यार्थियों को सत्र के शुरू से अध्यापक मिल सकें। जेबीटी में बीएड की योग्यता के लिए मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, जिसके चलते इन पदों की नियुक्ति का मामला लंबित है। पीजीटी के 98 पदों पर विभाग 20 साल से भी अधिक समय के बाद नियुक्ति कर रहा है। स्कूल में शिक्षकों की पर्याप्त संख्या होने से अध्यापक-विद्यार्थी अनुपात में संतुलन आएगा और एक शिक्षक को अधिकतम 40 विद्यार्थियों की कक्षा लेनी पड़ेगी। वर्तमान में शिक्षकों की कमी होने से 60 से 70 विद्यार्थियों को एक कक्षा में पढ़ाना पड़ता है। यह स्थिति पेरीफेरी के स्कूलों में अधिक है।
विज्ञापन
स्पेशल एजुकेटर और पीजीटी की लिखित परीक्षा छह जनवरी को होगी। दिसंबर माह के तीसरे सप्ताह में विभाग टीजीटी और चौथे सप्ताह में समग्र शिक्षा के शिक्षकों की भर्ती की अधिसूचना जारी करेगा।
सत्र 2023-24 में 1036 पद बहाल
शहर के 113 स्कूलों में कई वर्षों से शिक्षकों की कमी चल रही है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। समय पर भर्ती न होने से पीजीटी, जेबीटी के 1481 पद रद्द हो गए। रद्द पदों की बहाली के लिए शिक्षा विभाग ने केंद्र सरकार को लिखा है। इसके जवाब में उन्हें पहले अप्रैल में 536 और फिर अक्तूबर में 500 पद बहाल करने की मंजूरी मिली। बहाल हुए पदों की संख्या 1036 हो गई है, जिनकी भर्ती प्रक्रिया अभी शुरू नहीं की गई है।
कोट
पीजीटी, टीजीटी, एनटीटी और स्पेशल एजुकेटर के लिए कोशिश है कि जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लें और नए सत्र में उनकी जॉइनिंग करवाएं। बहाल पदों पर भर्ती में देरी नहीं करेंगे। उम्मीद है कि इन नियुक्तियों से बच्चों की पढ़ाई बेहतर हो पाएगी।
-हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़, स्कूल शिक्षा निदेशक
टेबल
सत्र 2023-24 में विभाग की ओर से की जाने वाली भर्ती में स्थायी पदों की संख्या
एनटीटी - 40
जेबीटी - 293
टीजीटी - 300
पीजीटी - 98
स्पेशल एजुकेटर - 96
समग्र शिक्षा के अंतर्गत होने जा रही भर्ती
जेबीटी - 99
टीजीटी - 48
रद्द हुए शिक्षक पदों की संख्या - 1481
सत्र 2023-24 में बहाल हुए पदों की संख्या - 1036