कपूरथला में बनेगा पंजाब का पांचवां सरकारी मेडिकल कॉलेज, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अपील को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने गुरुवार को कपूरथला में नया सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने और मौजूदा सिविल अस्पताल को अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है।
केंद्र सरकार से प्राप्त पत्र के मुताबिक नया सरकारी मेडिकल कॉलेज 325 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा। इसमें 60 प्रतिशत हिस्सेदारी के तौर पर 195 करोड़ रुपये केंद्र सरकार देगी जबकि बाकी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के तौर पर 130 करोड़ रुपये का योगदान पंजाब सरकार द्वारा किया जाएगा। केंद्रीय स्पांसर स्कीम के तहत इस कॉलेज की स्थापना की जा रही है।
केंद्र सरकार ने कपूरथला सिविल अस्पताल को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इससे अस्पताल की मौजूदा 220 बिस्तरों की क्षमता बढ़ाकर 500 बिस्तर की हो जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में बुनियादी ढांचे की आधुनिक मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार ने नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 11 एकड़ जमीन के क्षेत्रफल की पहले ही शिनाख्त की हुई है जो स्थानीय सिविल अस्पताल से 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
नई संस्था के बुनियादी ढांचे पर 325 करोड़ रुपये खर्च करने के अलावा इसमें जरूरी मेडिकल साजो-सामान के लिए 50 करोड़ रुपये भी रखे गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के सत्कार में कपूरथला के सिविल अस्पताल के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने का मसला केंद्र सरकार के पास उठाया था।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की होंगी 100 सीटें
दोआबा क्षेत्र में बनने वाले अपनी किस्म के पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटें होंगी। फिलहाल राज्य में अमृतसर, फरीदकोट और पटियाला में पहले ही तीन सरकारी मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं। एक और सरकारी मेडिकल कॉलेज एसएएस नगर (मोहाली) में स्थापित किया जा रहा है जबकि पांचवें मेडिकल कॉलेज की स्थापना कपूरथला में करने की मंजूरी मिल गई है।