राखी ने खोले राज, क्यों न चली दिल्ली सरकार
दिल्ली की पूर्व मंत्री राखी बिडला ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद दिल्ली को ही भ्रष्टाचार से मुक्त कराना नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करना है।
राखी बिडला बुधवार को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी एचएस फुल्का के हक में रोड शो करने के लिए पहुंची थी। राखी ने कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार ने इतने कम समय में जो कर दिखाया वह देश की किसी सरकार ने आज तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इतने कम समय में वहां से भ्रष्टाचार को कम किया, महिलाओं की सुरक्षा को यकीनी बनाया।
विधानसभा में फैली गंदगी के कारण सरकार नहीं चली
बिड़ला ने बताया कि उस समय सरकार को खत्म करना कुछ जल्दबाजी जरूर थी, लेकिन लोकतंत्र का मंदिर कहे जाने वाले विधानसभा में कोई किसी को गाली निकाल रहा है, कोई मुख्यमंत्री का माइक छीन रहा है।
उसके अंदर फैली गंदगी के कारण सरकार नहीं चल सकी। राखी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जन लोकपाल बिल पास करने के लिए ही सरकार बनाई थी, लेकिन जनलोकपाल बिल ही पास नहीं हो सका तो सरकार का कोई मतलब नहीं बनता। वहां की जनता को समझाने की कोशिश की जा रही है कि किस वजह से सरकार को गिराना पड़ा।
दिल्ली में दोबारा सरकार बनाएगी आप
उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब जब दोबारा विधानसभा के चुनाव होंगे तो आम आदमी पार्टी की सरकार पचास से ऊपर सीटे लेकर वहां दोबारा सरकार बनाएगी और जनता के वादों पर खरा उतरेगी। राखी का रोड शो रेलवे स्टेशन से शुरू होकर घंटाघर, सोसायटी सिनेमा रोड, छावनी मोहल्ला से होते हुए शहर के कई हिस्सों में गया। हालांकि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा लुधियाना में किए गए रोड शो के मुकाबले राखी का रोड शो काफी फीका दिखाई दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह इस बार आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी एचएस फुल्का के हक में वोट दे।