Loksabha Election: अनारकली उठो...वोट डालने जाना है... मीम्स और कार्टून से लोगों को जागरूक कर रहा चुनाव आयोग
Election commission memes for Voters in Haryana: फरीदाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस जागरूकता कार्यक्रम को नया कलेवर दिया है। युवा व नए वोटरों के लिए प्रचार के ऐसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनका वे रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल भी कर रहे हैं और उनको पसंद भी।
विस्तार
Haryana Lok Sabha Election 2024: उठो अनारकली...बाबू मोशाय..झुकेगा नहीं...छोरा या छोरी जैसे फिल्मी डायलॉग व मीम्स से अक्सर आपने लोगों व नेताओं को ट्रोल होते देखा होगा, लेकिन इस बार इन्हीं डायलॉग का इस्तेमाल चुनाव आयोग ने युवाओं तक पहुंचने के लिए किया है।
आयोग की टीमें लगातार ऐसे डायलॉग से वोट की अपील को जोड़कर युवाओं को जागरूक करने में लगी हैं ताकि वे वोट देने के लिए आगे आएं। खास बात है कि इसका खूब रिस्पांस भी मिल रहा है। न केवल युवा इनको आगे शेयर कर रहे हैं बल्कि कमेंट्स व पोस्ट के जरिए आयोग को खुद भी ऐसे डायलॉग व मीम्स बनाकर भेज रहे हैं।
दरअसल, मतदान से पहले आयोग हर बार मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान तो चलाता है लेकिन उसमें खास सफलता हासिल नहीं होती। युवाओं को आगे लाने के लिए काॅलेजों व सार्वजनिक जगहों पर सेमिनार, हस्ताक्षर अभियान, रैली व नुक्कड़ जैसे कार्यक्रम कराए जाते हैं। बावजूद इसके हर बार युवाओं का उत्साह बुजुर्ग मतदाताओं के आगे फीका पड़ जाता है। इसी कारण फरीदाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस जागरूकता कार्यक्रम को नया क्लेवर दिया है। युवा व नए वोटरों के लिए प्रचार के ऐसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनका वे रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल भी कर रहे हैं और उनको पसंद भी। इसी कड़ी में फिल्मी डायलाॅग, मीम्स, व कार्टून का आइडिया युवाओं के दिल में घर करता नजर आता है।
फिल्मी डायलॉग जिनको आयोग ने वोटर जागरूकता से जोड़ा
- झुकेगा नहीं...वोट करेगा : पुष्पा
- वोट तो वोट हौवे ए छोरा देवे या छोरी : दंगल
- अनारकली उठो वोट डालने जाना है : मुगल-ए-आजम
- हाथ छोड़ दो राहुल ना..टीना चलो वोट देने : कुछ कुछ होता है
- जल्दी आओ सिमरन वोट देने जाना है : कुछ कुछ होता है
- मेरी यूनिफार्म मेरी आदत है जैसे कि सांस लेना अपने देश की रक्षा करना और वोट देना : रुस्तम
- दोस्ती के एक असूल है मैडम चलो साथ वोट देने चलें : मैंने प्यार किया
- बाबू मोशाय लाइन छोटी हो या बड़ी वोट जरूर करना : आनंद
- होलीडे है बोलकर वोट के दिन पिकनिक पर निकल जाना इज नॉट फनी : जिंदगी न मिलेगी दोबारा
- वो सिकंदर ही दोस्तों कहलाता है जो.. आलस छोड़कर वोट डालने जाता है : जो जीता वो सिंकदर
- परंपरा...प्रतिष्ठा...अनुष्ठान -वोट देने के बाद एक जिम्मेवार नागरिक : मोहब्बतें
दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए
अरे अखंडा हमें भी वोट देने जाना है
बाबू जी हम बीएलओ से कहकर 12 डी फार्म भर दिए हैं वो घर पे आएंगे और वोट लेकर जाएंगे : मिर्जापुर
सी विजिल एप के लिए
सुनो बे, अपना वोट हमको ही देना वरना अंजाम अच्छा नहीं होगा।
अंजाम का चिंता तुम कर लो बाबू, अगर सी-विजिल एप पर रिपोर्ट कर दिए न तो सोच लो तुम्हारा क्या होगा। : फुकरे