चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: 90 तो कोई 100 के पार फिर भी मतदान का उत्साह बरकरार, बड़ी संख्या में बुजुर्ग पहुंचे मतदान केंद्र
सेक्टर-34 के सरकारी स्कूल में 90 वर्षीय सावित्री देवी अपनी पुत्रवधू के साथ मतदान का प्रयोग करने पहुंची। एक हाथ से पुत्रवधू का सहारा लेकर और दूसरे हाथ में छड़ी पकड़कर वह मतदान केंद्र तक पहुंचीं। पुत्रवधू नम्रता सिक्का ने बताया उनकी सास सुबह ही मतदान करने के लिए तैयार हो गई थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं ने भी पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। 60 से 90 साल तक के वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और लोकतंत्र के महापर्व में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। बीमारी के बावजूद भी कई बुजुर्ग पोलिंग बूथ पहुंचे और वोट डाला। इस दौरान कोई व्हीलचेयर तो कोई पैदल ही चलकर बूथ तक पहुंचे। वोट देने के बाद बुजुर्गों के चेहरे खिले नजर आए। बोले, बुढ़ापा यह नहीं कहता कि वोट न दें। यह सबसे बड़ा अधिकार है। इसी के साथ बुजुर्ग प्रत्याशियों से लेकर समर्थकों तक को आशीर्वाद देते नजर आए।
हर बार वोट का प्रयोग किया
जब से वोटर बनी हूं तब से लगातार अपने मत का प्रयोग करती आ रही हूं। इसलिए इस बार भी वोट देने पहुंची। हालांकि शरीर उतना मजबूत नहीं रहा, जितना पहले था। - नराती, धनास निवासी 90 वर्षीय वोटर
बीमारी है पर वोट भी जरूरी
बचपन में ही मुझे पोलियो हो गया था। इस कारण चलने-फिरने में दिक्कत होती है। आज मतदान का दिन है, इसलिए पहले से ही मैं मतदान करने के लिए तैयार थी और यहां वोट देने पहुंची हूं। - सुरजीत कौर, सारंगपुर स्कूल पहुंचीं 65 वर्षीय वोटर
वृद्धा प्रीतम कौर और वृद्धा सुरजीत कौर।
हिम्मत जुटाई और वोट दिया
धीरे-धीरे उम्र बढ़ रही है लेकिन मतदान को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है। चाहे कोई भी चुनाव हो, मतदान करने जरूर पहुंचती हूं। नगर निगम चुनाव में भी वोट देना था, इसलिए हिम्मत जुटाकर परिजनों के साथ पहुंच गई। - नसीब कौर, सारंगपुर स्कूल पहुंचीं 80 वर्षीय वोटर
वोट अपनी मर्जी से दिया
कोई भी चुनाव हो, मैं मतदान करना नहीं भूलती। वोट मैं अपनी मर्जी से देती हूं, किसी का कोई दबाव नहीं रहता। बुढ़ापा जरूर आ गया है, पर वोट के लिए कभी पैर नहीं रुके। -प्रीतम कौर, सारंगपुर बूथ पर पहुंचीं 70 वर्षीय वोटर
101 वर्षीय एमएस ढिल्लों ने भी डाला वोट
सेक्टर-33 स्थित सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर सेना से रिटायर्ड 101 वर्षीय एमएस ढिल्लों वोट डालने पहुंचे। व्हीलचेयर पर अपने परिजन के साथ पहुंचे ढिल्लों कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे लेकिन उनके चेहरे से उत्साह झलक रहा था।
99 वर्षीय बुजुर्ग ने दिखाया मतदान का जोश
हर बार मतदान के लिए आता हूं। इस बार भी परिवार के सदस्यों की मदद से मतदान के लिए पहुंचा। पिछले लगभग 70 वर्ष से चंडीगढ़ में ही मतदान कर रहा हूं। पंजाब राज्य से बतौर चीफ इंजीनियर सेवानिवृत्त हुआ था। हर आदमी को मतदान के लिए आगे आना चाहिए, तभी असल में हम सरकार से सवाल करने के हकदार बनते हैं। - बीएस ग्रेवाल, 99 वर्ष
बीएस ग्रेवाल।
85 वर्ष में सुधार के लिए दिया मत
अपनी समस्याओं और मुद्दों को हल करवाने के लिए सही उम्मीदवार का चयन करना जरूरी है। इसके लिए हर किसी को मतदान करने के लिए जरूर घर से बाहर आना चाहिए, यह हमारा कर्तव्य है। हर साल अपने मत का उपयोग किया है। व्यवस्थाएं अच्छी थीं, ज्यादा भीड़ नहीं थी, इसलिए परेशानी नहीं हुई। - नराता राम मोदगिल, 85 वर्ष
रोजगार के मुद्दे पर दिया मत
पहली बार नगर निगम चुनाव में मतदान किया है। चुनाव में मतदान युवाओं के विकास और रोजगार के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए दिया। उम्मीद है कि उम्मीदवार अपने किए वादों को निभाएंगे और हमारा भरोसा कायम रखेंगे। मतदान के समय कोई समस्या नहीं आई, आराम से मतदान हो गया था। - तेगइंदर सिंह, धनास