चंडीगढ़। पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया। सेक्टर-19 में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने दिखाया कि मोटरसाइकिल और रसोई गैस सिलिंडर आत्महत्या कर रहे हैं।
भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय संयोजक प्रीति केसरी ने कहा कि मोटरसाइकिल और सिलिंडर को आत्महत्या करते हुए इसलिए दिखाया है कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। इन मिठाई के डिब्बों में डीजल और पेट्रोल की बोतलें इसलिए डाली हैं क्योंकि अब बीजेपी के राज में ऐसा समय आ गया है कि अब लोग मिठाई के डिब्बों में पेट्रोल और डीजल की बोतलें डाल कर शादी का निमंत्रण देंगे ताकि एक तरफ तो यह महंगा उपहार गिना जाएगा और आपकी शादी में आने वाले को गाड़ी में डालने के लिए पेट्रोल और डीजल भी मिल जाएगा।
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष संजीव बिरला ने बताया कि जब कच्चे तेल के दाम उच्चतम स्तर पर थे तब कांग्रेस सरकार कम कीमत पर जनता को पेट्रोल डीजल मुहैया करवा रही थी। आज कच्चे तेल के दाम न्यूनतम स्तर पर हैं, फिर भी भाजपा सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा रही है। उनका यह भी कहना है कि 6 साल पहले अर्थव्यवस्था ने गोते लगाने शुरू कर दिए थे। आज तक अर्थव्यवस्था हिचकोले खा रही है। सरकार को शायद यह लगता है कि वह अपनी मनमानी खास कर इस लॉकडाउन के समय में आराम से मनमानी कर सकती है क्योंकि शायद कोई आवाज नहीं उठा पाएगा, पर जनता सब देख रही है। इस मौके पर चंडीगढ़ कांग्रेस के सचिव यादविंदर मेहता, चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष संजीव बिरला, जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सचिव नवदीप सिंह, प्रदेश महासचिव संदीप सिंह, प्रदेश महासचिव मनोज सिहान, प्रदेश महासचिव रेखा रानी, संदीप कुमार, बकील खान, राम मेहर इंदौरा, सुखविंदर सिंह, गौरव सरसवाल, साहिल, प्रभजोत सिंह, अनिल कुमार उपस्थित थे।