Khanna: शिवलिंग खंडित करने पर भड़के हिंदू संगठन, दिल्ली-अमृतसर हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन
गुरुवार सुबह खन्ना के प्रसिद्ध शिवपुरी मंदिर में चोरी करने आए दो चोरों ने शिवलिंग को खंडित कर दिया था। चोरों ने मंदिर में मूर्तियों को पहनाए गए सोने चांदी के आभूषण उतारे और दानपात्र खाली कर दिए। शिवलिंग और मूर्तियां खंडित करने की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने इस पर रोष जताया और हाईवे जाम कर दिया।
विस्तार
खन्ना के प्रसिद्ध शिव मंदिर में हुई बेअदबी को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर शहर के हिंदू संगठनों ने नेशनल हाईवे जाम कर धरना प्रदर्शन किया था। अब पुलिस ने एक हफ्ते का समय कार्रवाई के लिए मांगा है।
गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। राजा वड़िंग ने कहा कि यह निंदनीय घटना है। सरकार फेल हो चुकी है। एडीजीपी अर्पित शुक्ला से मेरी बात हुई है। दो दिनों में आरोपियों को पकड़ने की मांग की जा रही है। वड़िंग ने एसएचओ द्वारा लोगों से बदसलूकी करने का विरोध भी किया।
धरने में पहुंचे सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। रोजाना बेअदबी हो रही हैं। लॉ एंड ऑर्डर कंट्रोल में नहीं है। सीएम ने आंखें बंद कर रखी हैं। खन्ना में 5 घंटे से नेशनल हाईवे जाम है। कोई बड़ा अधिकारी नहीं आया। कम से कम डीआईजी को आना चाहिए था।
मौके पर पहुंची डीआईजी लुधियाना
हिंदू संगठनों से बदसलूकी के आरोप पर डीआईजी धनप्रीत कौर ने मौके पर ही एसएचओ को सस्पेंड कर दिया। इसी एसएचओ ने कुछ दिन पहले भी धार्मिक कार्यक्रम में बदसलूकी की थी। डीआईजी ने हिंदू संगठनों से आग्रह किया कि वह जाम खोल दे, उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को रविवार तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीआईजी के आश्वासन के बाद हिंदू संगठनों ने जाम खोल दिया।
लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं
हिंदू संगठनों ने बताया कि जब सुबह मंदिर में पूजा करने लोग पहुंचे तो हैरान रह गए। खंडित शिवलिंग को देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सभी लोग इकट्ठे होकर रोड पर आ गए। इसके बाद बीच रोड पर बैठकर धरना प्रदर्शन कर लोग लोगों ने प्रशासन से मांग कि आरोपियों को फौरन पकड़ा जाए और उन्हें बेअदबी करने की सख्त सजा दी जाए।
चोरों ने मूर्तियों के आभूषण चोरी किए
हाईवे जाम कर बैठे हिंदू संगठनों के सदस्यों ने बताया है कि रात में दो चोर मंदिर में घुसे। उन्होंने मूर्तियों के कीमती वस्त्र उतार लिए। जो मूर्तियां शीशे में रखी थीं, उनका शीशा तोड़कर मुकुट उतारे। श्री हनुमान जी की मूर्ति से भी कीमती आभूषण निकाल ले गए।
इसके साथ ही उन्होंने शिवलिंग पर चांदी के आभूषण को छुटाने की कोशिश की, लेकिन वह छूटा नहीं। चोरों ने हथौड़ी से चोट मारकर शिवलिंग को खंडित कर दिया और उसके आभूषण निकाल लिए। उन्होंने दानपात्रों को भी खाली कर दिया, 20 लाख से भी ज्यादा की चोरी बताई जा रही है।