खुल गया मौत का राज: दोस्त से मिलने सुखना लेक पहुंची थी बीना, ऐसा क्या हुआ कि हो गई मौत? ई रिक्शा चालक गिरफ्तार
दो दिन पहले धनास लेक के पीछे महिला बीना की लाश मिली थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का पड़ोसी है और रिक्शा चालक है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में दो दिन पहले 15 जून (रविवार) को धनास लेक के पीछे जंगल एरिया में महिला का शव मिला था। पुलिस ने महिला की मौत की गुत्थी को सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-26 की बापूधाम कॉलोनी के ही रहने वाले ई रिक्शा चालक सूरज के तौर पर हुई है। सूरज मृतक महिला बीना का पड़ोसी है और दोनों के बीच दोस्ती थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हालांकि आरोपी सूरज का कहना है कि उसने महिला बीना की हत्या नहीं की है।
सेक्टर-26 स्थित बापू धाम कॉलोनी निवासी महिला की मौत मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी दोस्त सूरज (24) को सोमवार रात को गिरफ्तार किया। सूरज ने पूछताछ में बताया कि बीना कुमारी की मौत सुखना झील की सीढ़ियों पर सांप के काटने से हुई थी। वह रात के समय सूरज से मिलने सुखना झील आई थी। सांप के काटने के बाद सूरज उसे अस्पताल ले जा रहा था लेकिन रास्ते में बीना की मौत हो गई। पकड़े जाने के डर से सूरज उसका धनास झील के पीछे जंगल में फेंककर फरार हो गया। इसका खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने मृतका के घर से धनास तक के रूट के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
आरोपी के ई रिक्शे के नंबर से पुलिस ने सोमवार देर रात उसे पकड़कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
बहन बोली अस्पताल नहीं ले जाना था तो हमें बता देता
सूरज ई रिक्शा चलाता था और उसकी शादी नहीं हुई है। पुलिस ने सूरज का ई रिक्शा कब्जे में ले लिया है। बीना कुमारी मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली थी। वह शादीशुदा थी और उसकी दो बेटियां हैं। बीना की बहन सारंगपुर थाने के बाहर रो-रो कर बोल रही थी कि आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बहन ने कहा कि आरोपी तुरंत अस्पताल ले जाता तो उसकी बहन बच जाती। नहीं तो उन्हें ही कॉल करके बता देता।
मोबाइल घर पर छोड़कर आई थी बीना
शनिवार रात को दोनों फोन पर बात करने के बाद सूखना झील पर मिलने आए थे। आरोपी अपने ई रिक्शा में आया था। बीना घर से सेक्टर-19 शनि मंदिर जाने की बात कह कर निकली थी। बीना ने अपना मोबाइल घर पर बच्चों के पास ही छोड़ दिया था।
सीढ़ियां उतरते समय बीना को सांप ने काटा
सुखना झील के पीछे वाले रास्ते से सूरज और बीना 5 नंबर सीढ़ियों से सूखना झील पर गए। काफी समय साथ बिताने के बाद 6 नंबर सीढ़ियों से दोनों नीचे उतर रहे थे। इस दौरान बीना को सांप ने काट लिया। बीना ने इस बारे में सूरज को बताया। पहले तो सूरज को कुछ समझ नहीं आया लेकिन बाद में वह इलाज के लिए उसे अपने ई रिक्शा में सेक्टर-16 अस्पताल ले जाने लगा। लेकिन अस्पताल के बिल्कुल पहुंचने से पहले सेक्टर-16 के स्लिप रोड पर बीना बेसुध हो गई। इसके बाद उसने अपने एक दोस्त को कॉल कर बुलाया। दोस्त ने उसे अस्पताल या उसके घर छोड़ने के लिए कहा। दोस्त के जाने के बाद सूरज उसे ई रिक्शा में धनास ले गया और जंगल में फेंककर फरार हो गया।