बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने प्रेमी के घर बोला धावा, पिता-भाई और बहन को काट डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तरनतारन के सीमावर्ती गांव नौशहरा ढाला में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने दामाद के घर हमला बोल दिया और उसके पिता, भाई और बहन को तेजधार हथियार से काट डाला। वारदात सोमवार देर रात हुई। प्रेम विवाह करने वाले लड़का-लड़की किसी और गांव में गए होने के कारण बच गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव नौशहरा ढाला के किसान जोगिंदर सिंह के बड़े लड़के हरमनदीप सिंह (23) ने अपने गांव की ही बेबी (20) के साथ डेढ़ महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी। हरमनदीप और बेबी के तीन साल से प्रेम संबंध थे। यह रिश्ता बेबी के परिजनों को मंजूर नहीं था। हालांकि हरमनदीप के परिजनों ने कई बार बेबी के परिजनों को अपनी लड़की को रोकने को कहा था।
कई बार हरमनदीप को भी समझाने की कोशिश की थी कि जाति समान न होने के कारण लड़की के परिजन नहीं मानेंगे और यह विवाह संभव नहीं है। लड़की के परिजनों ने भी अपनी लड़की के प्रेम संबंधों के चलते कई बार उसकी पिटाई भी की थी। लड़की के न मानने पर और गांव वालों के ताने सुनने के कारण लड़की का पिता बीरा सिंह परेशान रहने लगा।
इसके बाद डेढ़ महीने पहले बेबी और हरमनदीप ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद बीरा सिंह ने ठान लिया कि वह गांव में हुई अपनी बेइज्जती का बदला जरूर लेगा। इसी रंजिश के चलते बीरा सिंह ने सोमवार को अपने साथियों के साथ मिलकर हरमनदीप सिंह के घर पर हमला कर दिया।
घर में हरमनदीप सिंह और बेबी को न पाकर वह लोग बौखला गए और उन्होंने तेजधार हथियारों से हरमनदीप के पिता जोगिंदर सिंह (62), भाई पवनदीप सिंह (16) और बहन प्रभजीत कौर (19) को तेजधार हथियारों से काट डाला।
हरमनदीप ने बताया कि जब यह घटना घटी तब वह और उसकी पत्नी अपनी बहन के गांव दवाई लेने गए थे। उसने बताया कि प्रेम विवाह करने के कारण मेरे ससुराल वाले बहुत नाराज थे। इसी की रंजिश में मेरे ससुराल वालों ने मेरे पिता जोगिंदर सिंह, मेरे भाई पवनदीप और मेरी बहन प्रभजीत कौर की हत्या कर दी है।
उसने पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटनास्थल पर पहुंचे जांच अधिकारी कमलजीत सिंह ने कहा कि हरमनदीप सिंह के बयान पर उसके ससुर बीरा सिंह और अन्य ससुराल वालों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है।