पंजाब: पटियाला में आंधी ने बरपाया कहर, एक ही परिवार के चार लोगों समेत छह की मौत, दो घायल
पंजाब के पटियाला में एक परिवार पर आंधी कहर बनकर आई। रात को सोते वक्त अचानक झुग्गी पर दीवार गिरने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ये सभी लोग मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले थे। वहीं जिले में आंधी से कुल छह लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के पटियाला में गुरुवार रात को आंधी कहर बनकर आई। आंधी के कारण अलग-अलग जगहों पर छह लोगों की मौत हो गई। इनमें से चार तो एक ही परिवार के सदस्य थे। इनकी मौत गांव सैदखेड़ी में झुग्गी पर दीवार गिरने के कारण हो गई। उस समय चार लोग सो रहे थे, इनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं।
मामले के जांच अधिकारी थाना खेड़ी गंडियां के एसआई हरदीप सिंह ने बताया कि मूलरूप से यूपी के बदायूं का रहने वाला गिरीश कुमार (25), अपनी माता रामश्री (60), दो बेटियों राधिका (7) और मधु (6) के साथ गांव सैदखेड़ी की खजूर पीर कालोनी में रमेश नाम के व्यक्ति के प्लाट में किराये पर झोंपड़ी में रहता था।
वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब नौ बजे तेज आंधी तूफान चला तो झुग्गी के नजदीक बनी करीब 10 फुट ऊंची और नौ इंच मोटी दीवार गिरीश कुमार की झुग्गी पर गिर गई। उस वक्त सभी झुग्गी में सो रहे थे, दीवार गिरने से चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक प्लाट मालिक रमेश निवासी राजपुरा प्लाट में गोदाम बनाने की तैयारी में था, उसी के लिए यह दीवार खड़ी की जा रही थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, राजपुरा का रहने वाले शेखर गिर (23) पटियाला से राजपुरा अपने मोटरसाइकिल पर आ रहा था।
राजपुरा के बब्बर ढाबा के नजदीक राजपुरा की तरफ जा रहा एक कैंटर चालक ने तेज आंधी के कारण संतुलन खो दिया और कैंटर मोटरसाइकिल पर पलट गया। हादसे में शेखर गिर की मौके पर ही मौत हो गई। एसआई हरदीप सिंह के मुताबिक कैंटर चालक को मामूली चोट आई है।
उधर, पटियाला के निकटवर्ती कस्बा सन्नौर में तूफान के कारण पेड़ गिरने से छत पर सोए एक मजदूर राजेश कुमार (35) की मौत हो गई, जबकि महिपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना मिलने पर सन्नौर पुलिस पहुंची और कार्रवाई शुरू की।