कुरुक्षेत्र: फिल्मी स्टाइल में आढ़ती से 14 लाख लूटे
दिनदहाड़े कार में सवार लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में एक आढ़ती से 14 लाख रुपये लूट लिए। लूट की यह वारदात हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर में सलारपुर रोड पर सोमवार को घटी। वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और लुटेरों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी करवाई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। कुरुक्षेत्र नई अनाज मंडी के व्यापारी राबिन पुत्र बनीराम ढुल ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे वह कार में अपने पार्टनर कृष्णलाल के साथ लाडवा में किसी रिश्तेदार को 14 लाख रुपए की पेमेंट देने जा रहा था।
उसने 4 लाख रुपये अपनी दुकान नंबर 31 से लिए थे, जबकि चार यूनियन बैंक से और 6 लाख रुपए इंडियन बैंक से निकलवाए थे। जब कार सलारपुर रोड पर पहुंची तो पीछे से आई एक अन्य कार ने उनकी कार को टक्कर मार कर रुकवाया।
जब तक वे कुछ समझ पाते दो और कारें उनकी कार के पास आकर रुकी। इनमें से उतरे एक युवक ने उनकी कार पर डंडे से प्रहार किया। इससे दो शीशे टूट गए। शीशे का एक टुकड़ा राबिन के चेहरे पर लगा।
11 मार्च को भी हुई थी लूट
अचानक हुए इस घटनाक्रम से दोनों घबरा गए। लुटेरों ने रॉबिन को धक्का दिया और पिछली सीट पर रखे 14 लाख रुपये से भरा बैग उठाकर अपनी कारों में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह, थाना व पुलिस चौकी के अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आढ़ती से घटनाक्रम का ब्यौरा लिया और लुटेरों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
11 मार्च को कुरुक्षेत्र अनाज मंडी के व्यापारी राकेश कुमार ने केनरा बैंक से साढ़े सात लाख रुपए निकवाए थे। राकेश ने यह राशि अपनी कार में रखी थी। कुछ ही देर बाद मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और राशि से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
सिमरदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश कर रहे हैं। वारदात के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। लुटेरों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।