युवक को गोली मारकर भाग रहे हमलावर की बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत
रंजिश में घुमान के सरकारी हाईस्कूल के स्टेडियम में बैठे दो युवकों पर दो बाइक सवारों ने गोलियां चला दीं। गोली स्टेडियम में बैठे एक युवक की छाती में जा लगी। दूसरी तरफ फायरिंग करने वाले दो युवकों की बाइक सड़क पर लगे वृक्ष से जा टकराई। वृक्ष से टकराने की वजह से हमलावर दोनों युवकों में से एक की मौत हो गई।
दूसरा बाइक सवार हमलावर घायल हो गया। दोनों घायलों को अमृतसर रेफर कर दिया गया है। फायरिंग जहां हुई वहां पटाखा खरीदने के लिए भीड़ जमा थी। घुमान पुलिस ने दोनों ही पक्षों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के नाम उजागर नहीं कर रही है। गोली चलने की वजह दोनों गुटों में पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार तेजिंदर सिंह निवासी गांव बलड़वाल और मनजिंदर सिंह निवासी गांव अतेपुर सरकारी हाईस्कूल के ग्राउंड के स्टेडियम में दिवाली वाले दिन दोपहर बाद बैठे थे। तभी बाइक पर हरमनदीप सिंह निवासी गांव बागे और सिमरजीत सिंह निवासी गांव पड्डे वहां पर आ गए। दोनों ने आते ही तेजिंदर और मनजिंदर पर गोली चलानी शुरू कर दी।
एक गोली तेजिंदर की छाती पर जा लगी। उन्होंने दूसरी गोली मनजिंदर को मारनी चाही लेकिन वह पिस्तौल में ही फंस गई। मनजिंदर मौका पाकर तेजिंदर को जख्मी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। हरमन और सिरमजीत ने पिस्तौल में अटकी गोली निकालने की काफी कोशिश की लेकिन वह नहीं निकली। खून से लथपथ तेजिंदर ग्राउंड में पटाखों की खरीदारी कर रही भीड़ में आ गिरा।
इसके बाद हमलावर हरमनदीप और सिरमजीत बाइक पर मेहता रोड बाईपास की ओर भाग निकले। थोड़ी ही दूरी पर भोमा भट्ठा के पास उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे बाइक चला रहे सिमरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हरमनदीप गंभीर जख्मी हो गया।
मौके पर पहुंची थाना घुमान की पुलिस ने हरमनदीप को सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया लेकिन वहां उसकी हालत को नाजुक देख अमृतसर रेफर कर दिया गया।
अमृतसर के एक निजी अस्पताल में हरमनदीप का पुलिस कस्टडी में इलाज चल रहा है। दूसरी तरफ, गोली लगने से जख्मी तेजिंदर सिंह को घुमान के निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी हालत गंभीर देख उसे अभी अमृतसर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बटाला उपिंद्रजीत सिंह घुम्मण और डीएसपी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे।
डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राउंड में दो गुटों में झगड़े के दौरान फायर भी हुए हैं। मामले की जांच के बाद दोनों पक्षों के 8-8 लोगों पर का मामला दर्ज किया गया है। घटना में दोनों गुटों के और भी लोग सामने आए हैं।