लुधियानाः धागा फैक्ट्री में लुटेरों का धावा, कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूट ले गए 18 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना के मेहरबान इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में करीब 18 नकाबपोश लुटेरों ने वर्करों को बंधक बना कर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने फैक्ट्री के चार वर्कर और सिक्योरिटी गार्ड को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और दो अलग-अलग गाड़ियों में धागा, कपड़ा लाद कर ले गए। जाते वक्त लुटेरे सिक्योरिटी गार्ड की बाइक और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर उतार ले गए।
लुटेरों ने वर्करों के मोबाइल और दस हजार रुपये भी छीन लिए। लुटेरों के जाने के बाद किसी तरह वर्करों ने खुद को बंधक मुक्त करवाया और सूचना फैक्ट्री मालिक को दी। इसके बाद सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में मालिक के बयान पर करीब डेढ़ दर्जन युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।
फैक्ट्री मालिक राकेश कुमार ने बताया कि गांव सीड़ा में उनकी आरआर फैब्रिक के नाम से फैक्ट्री है। उसकी फैक्ट्री के अंदर रात को चार वर्कर चंदन, सरवेश, शाम कुमार और संजय कुमार रहते है। सिक्योरिटी गार्ड बूथराज है। शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे फैक्ट्री के अंदर करीब 18 लुटेरे दाखिल हो गए। सभी लुटेरों के हाथ में तलवारें, खंजर और चाकू थे।
अंदर घुसते ही पहले सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाया। फिर एक-एक कर बाकी वर्करों को कमरों से निकाल कर बंधक बना लिया। लुटेरों ने सभी के मोबाइल ले लिए और गार्ड के मोबाइल का सिम निकाल कर उसे मोबाइल वापस कर दिया। एक वर्कर का मोबाइल कमरे में पड़ा था, जोकि लुटेरों को पता नहीं चला। इसके बाद लुटेरों ने बाहर खड़ी दो महिंद्रा पिकअप पर धागा और कपड़ा लोड किया।
इसके बाद ऑफिस के अंदर से लैपटाप, एलईडी और जाते हुए सिक्योरिटी गार्ड की बाइक भी ले गए। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि लुटेरे करीब 18 लाख का माल लूट ले गए है। थाना मेहरान के एसएचओ दविंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक फुटेज मिली है। जिसमें दो गाड़ियां नजर आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।
चार कैमरे लगे थे, डीवीआर ले गए लुटेरे
फैक्टरी मालिक राकेश कुमार का कहना है कि फैक्ट्री के अंदर चार सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे। लेकिन आरोपियों को इस बात का पता चल गया था। इसलिए जाते हुए लुटेरे कैमरों का रिकार्डिंग सिस्टम डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए। राकेश कुमार का कहना है कि डेढ़ दर्जन लुटेरों में एक युवक का नकाब खुल गया था। उसने दोबारा अपना चेहरा छुपाने की कोशिश नहीं की थी। इसलिए उनके वर्करों और गार्ड ने उसका चेहरा पहचान लिया है। अब पुलिस उक्त आरोपी को स्कैच तैयार करवा कर उसे पकड़ने की कोशिश करेगी।