Haryana News: यमुनानगर में अतिथि अध्यापकों पर लाठीचार्ज, शिक्षा मंत्री के आवास पर डालने जा रहे थे महापड़ाव
हरियाणा में साल के आखिरी दिन विरोध जताना अतिथि अध्यापकों को भारी पड़ गया। शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे इन अध्यापकों पर पुलिस ने कड़ाके की ठंड में लाठी भांजी। कई अध्यापकों को चोट आई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर में प्रदेशभर से जुटे अतिथि अध्यापकों पर पुलिस ने रविवार को लाठीचार्ज कर दिया। शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर के आवास पर महापड़ाव डालने की जिद पर अड़े अतिथि अध्यापकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें राजकीय अतिथि अध्यापक मंच हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा शास्त्री भी बुरी तरह से जख्मी हो गए। सिर में पुलिस का डंडा लगने से वह खून से लथपथ हो गए। उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहीं कुछ अतिथि अध्यापकों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया, जिन्हें थोड़ी देर बाद ही छोड़ दिया गया। अध्यापक मंच के अनुसार, पुलिस की लाठीचार्ज में 20 से 25 अतिथि अध्यापक ऐसे हैं जिनकों चोट लगी है।
नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे प्रदेशभर से अतिथि अध्यापक रविवार को राजकीय अतिथि अध्यापक मंच हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा शास्त्री के नेतृत्व में जगाधरी में गुप्ता पैलेस के सामने एकत्रित हुए। मंच की तरफ से सभी अतिथि अध्यापकों को मैसेज डाला गया था कि अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर का उद्घाटन होने के बाद देश में आचार संहिता लग जाएगी। इससे उनके नियमित होने का मामला लटक सकता है, इसलिए सभी जगाधरी में एकत्रित हों। गुप्ता पैलेस के सामने धरना देने के लिए अतिथि अध्यापक पूरी तैयारी करके आए थे।
दूसरी ओर से पुलिस-प्रशासन की ओर से भी आवश्यक तैयारियां की गईं थीं। प्रदर्शनकारियों के गिरफ्तारी की संभावना को देखते हुए पहले ही जिला प्रशासन की तरफ से मौके पर रोडवेज की बसें भी मंगवा ली गईं थीं। इस दौरान जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे किनारे धरने से बिगड़ने वाली यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी अतिथि अध्यापकों को वहां से अनाज मंडी में भेज दिया।
जगाधरी अनाज मंडी पहुंचने पर अतिथि अध्यापकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां से अतिथि अध्यापकों ने शिक्षामंत्री आवास पर महापड़ाव के लिए कूच किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने अतिथि अध्यापकों को मंत्री के आवास पर जाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह अध्यापक हैं और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे। वे मंत्री आवास पर जाने की जिद पर अड़े रहे।
जब अध्यापक पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस के डंडे लगने से प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शास्त्री, फरीदाबाद से पहुंचे अध्यापक रघु वत्स, सुनील फतेहाबाद, प्रदीप बतान, सलिंद्र लोहान, राममेहर घोसले, दलजीत ढिल्लो, नरेश नयन, सुनील शर्मा, सुनील ढुल जख्मी हो गए।
घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। साथ ही कुछ अतिथि अध्यापकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जहां से उन्हें सेक्टर-18 स्थित थाना फर्कपुर लाया गया। यहां कुछ देर रखने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। लाठीचार्ज के बाद बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में एकत्रित हुए। साथ ही आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया।
पुलिस ने घेर कर पीटा : राजेंद्र शास्त्री
राजकीय अतिथि अध्यापक मंच हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा शास्त्री ने बताया कि उनकी केवल एक ही मांग है कि सभी अतिथि अध्यापकों को नियमित किया जाए। अतिथि अध्यापक 115 दिन से करनाल में शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। वह शिक्षा मंत्री कंवरपाल के आवास पर महापड़ाव डालने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने चारों तरफ से घर कर उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अध्यापकों को चोट लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चाहे कितना भी अत्याचार कर ले, वे मांग से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
फिर अनाज मंडी में जुटेंगे अतिथि अध्यापक
अतिथि अध्यापकाें ने बताया लाठीचार्ज के विरोध में एक जनवरी को प्रदेशभर से अतिथि अध्यापक नई अनाज मंडी जगाधरी में एकत्रित होंगे। सभी अध्यापक मिलकर आगामी रणनीति बनाएंगे। वहीं डीसी से मिलकर इस घटना से अवगत कराया जाएगा। साथ ही इसके विरोध में कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।
पुलिस बोली, अध्यापकों ने की हाथापाई
उधर, पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि प्रशासन और पुलिस के अनुरोध के बावजूद अतिथि अध्यापक शिक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दूसरे गेट की तरफ भाग कर जाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पुलिस से नोकझोंक व हाथापाई भी की। इस कारण हल्के बल का प्रयोग किया गया जिसमें एक अतिथि अध्यापक राजेंद्र शास्त्री को चोट आई है। राजकीय कार्य में बाधा डालने वाले व कानून की अवहेलना करने वाले मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।