नहर से मिला रॉकेट लांचर समेत हथियारों का जखीरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना के जगरांव में छप्पड़ की सफाई के दौरान हथियारों का जखीरा अभी मिलना जारी है, लेकिन इस बीच लुधियाना की डेहलों थाने की पुलिस को रविवार की शाम कैंड नहर से देसी व विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है।
कई हथियारों पर खालिस्तान का नाम लिखा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि ये हथियार किसी आतंकी संगठन के हैं जो उन्होंने कुछ वर्ष पहले नहर में फेंके हैं। थाना डेहलों की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एडीसीपी-3 सतबीर सिंह अटवाल ने कहा कि रविवार को थाना डेहलों की पुलिस ने एसएचओ अमनदीप सिंह की अगवाई में इलाके के अंदर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कैंड नहर के अंदर हथियारों का जखीरा है।
उसके बाद पुलिस ने इलाके से कुछ गोताखोरों को बुलवाया और तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान पुलिस ने अलग अलग जगहों से पांच सौ मीटर के दायरे से 15 पिस्टल (चाइना, जर्मन व यूएसए मेड) के अलावा 11 मैगजीन, छह रिवाल्वर, सात देसी कट्टे, तीन रॉकेट लांचर व अन्य हथियार बरामद किए।
आतंकवाद के समय के हथियार
एडीसीपी ने कहा कि नहर से बरामद किए गए कई हथियारों पर खालिस्तान लिखा हुआ है। इससे आशंका है कि ये हथियार किसी आतंकी संगठन के हैं। देखने में लगता है कि हथियार करीब चार पांच वर्ष पहले ही नहर में फेंके गए है।
एडीसीपी सतवीर सिंह अटवाल ने कहा कि जिस जगह से रविवार डेहलों पुलिस को हथियारों का जखीरा मिला है वहां से 29 अप्रैल को भी पुलिस ने दस रॉकेट लांचर, एक देसी बम, दो एके 47, छह मैगजीन व अन्य हथियार बरामद हुए थे।
इन हथियारों पर भी राज करेगा खालसा के स्टीकर लगे हुए थे। एडीसीपी ने कहा कि उक्त हथियार खालिस्तान कमांडो फोर्स के थे जो आतंकवाद के समय के दौरान कैंड नहर में फेंके गए थे। रविवार को जो हथियार पुलिस को मिले हैं वे भी इसी जगह से पांच सौ मीटर के दायरे में मिले हैं।