पंजाबः दुपट्टे से की महिला की हत्या, शव फेंकने जा रहे पिता-पुत्र को पुलिस ने धर दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिता-पुत्र ने पहले मिलकर एक युवती को मौत के घाट उतारा, फिर उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए कार में लेकर निकल पड़े । लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उन्हें धर दबोचा। मामला पंजाब के खरड़ का है। मोहाली फोर्टिस अस्पताल में केयरटेकर तलाकशुदा महिला की हत्या कर उसका शव नहर में फेंकने जा रहे ट्रांसपोर्टर पिता-पुत्र को घडू़आं पुलिस ने नाके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोहाली की प्रसिद्ध नन्नुआ ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक गुरदास सिंह व उसके पुत्र जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को शनिवार देर रात खरड़-मोरिंडा हाईवे पर वाहनों की चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया।
साथ ही महिला की लाश भी बरामद कर ली है। मृतका की पहचान रजनीत कौर पुत्री हरबंस लाल निवासी गांव माणकपुर खेड़ा जिला पटियाला के तौर पर हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि महिला की दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या की गई है। शनिवार रात घड़ूआं पुलिस द्वारा खरड़-मोरिंडा हाईवे पर गांव माछीपुर के पास नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
खरड़ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की एसक्रास कार को रुकने का इशारा किया गया। कार रुकने पर पुलिस ने तलाशी ली तो ड्राइवर के साथ वाली सीट के नीचे महिला का शव पड़ा था। उसके गले में दुपट्टे का फंदा डला हुआ था। पुलिस ने कार चालक जसविंदर सिंह (41) तथा पिछली सीट पर बैठे उसके पिता गुरदास सिंह (71) को हिरासत में ले लिया। रजनीत कौर (35) की लाश को सरकारी अस्पताल खरड़ के शवगृह में रखवाया गया।
पूछताछ में जसविंदर सिंह ने महिला का नाम व पता बताया जिसके आधार पर रजनीत कौर के परिवार को इस बारे में सूचना दी गई। अपनी बेटी की मौत की खबर पाकर हरबंस लाल अपने बेटे के साथ खरड़ अस्पताल पहुंचे। पुलिस में दर्ज करवाए बयान में हरबंस लाल ने बताया कि उसकी बेटी रजनीत कौर शादीशुदा थी। उसका एक छह वर्ष का बेटा है। पति से अनबन के बाद कुछ साल पहले तलाक हो गया था और उसके बाद से रजनीत कौर अपने बेटे समेत उनके पास रह रही है। रजनीत कौर फोर्टिस अस्पताल मोहाली में केयरटेकर थी।
6 अक्तूबर को घर से निकली वापस नहीं आई
पुलिस स्टेशन के इंचार्ज शिवदीप सिंह बराड़ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में जसविंदर सिंह व गुरदास सिंह दोनों ही रजनीत कौर की हत्या का जुर्म कबूल लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को सोमवार अदालत में पेश किया जाएगा। रजनीत कौर का पोस्टमार्टम करके पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 6 अक्तूबर को ड्यूटी के लिए निकली और शाम तक नहीं आई। उन्होंने बेटी को ढूंढने का प्रयास किया। मोहाली फेज-8 थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार सुबह जब पुलिस उनके घर आई तो हादसे के बारे में पता चला।
जसविंदर से अक्सर मिलती रहती थी रजनीत
हरबंस लाल ने बताया कि उसकी बेटी रजनीत कौर जसविंदर सिंह मकान नंबर 1081, सेक्टर-69 मोहाली से मिलती रहती थी। जब उनकी बेटी घर नहीं आई तो उन्होंने जसविंदर से बात करनी चाही, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। हरबंस सिंह ने आरोप लगाया कि जसविंदर सिंह ने उसकी बेटी की हत्या की है। पुलिस के अनुसार आरोपी जसविंदर सिंह का तीन साल पहले विवाह हुआ है। जसविंदर के विवाह के बाद अब पिछले कुछ महीनों से जसविंदर सिंह और रजनीत कौर में रिश्तों को लेकर अनबन रहने लगी थी। इसी के चलते जसविंदर सिंह ने शनिवार को रजनीत कौर की दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी।
नामी ट्रांसपोर्टर हैं पिता-पुत्र
आरोपी पिता-पुत्र दोनों की नामी नन्नुआ ट्रांसपोर्ट कंपनी है। यही नहीं इनके पास करीब 70 बसें हैं जो नामी यूनिवर्सिटी में लगी हुई हैं।