बेबसी: रिक्शा में महिला ने दिया बच्चे को जन्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रसव पीड़ा से कराहती रही महिला लेकिन एंबुलेंस की नहीं मिली सुविधा, आखिरकार महिला ने रिक्शे में बच्चे को जन्म दे दिया। घटना हरियाणा के बहादुरगढ़ की है। यहां सामान्य बस स्टैंड के नजदीक एक गर्भवती महिला ने रिक्शा में बच्चे को जन्म दे दिया।
महिला प्रसव पीड़ा से कराहती रही, लेकिन कोई उसकी मदद को नहीं आया। बाद में उसे रामनगर स्थित सरकारी डिस्पेंसरी में ले जाया गया। यहां भी उसे उपचार व एंबुलेंस की सुविधा दिलाए जाने की बजाय सामान्य अस्पताल में जाने के लिए कहा गया। हाईवे पर जाम में करीब पौन घंटे तक जच्चा-बच्चा फंसे रहे।
परिजन उसे ट्रामा सेंटर ले गए जहां यहां स्टाफ नर्सों ने तुरंत उसे संभालते हुए उसका उपचार शुरू किया। बाद में प्रसूतिगृह से महिला चिकित्सक व दो स्टाफ नर्सों ने जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य को जांचा। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं।
रामनगर में किराए के मकान में रहने वाले ओडिसा निवासी तापोस की पत्नी मंजू को शुक्रवार की दोपहर को प्रसव पीड़ा हुई। उसका पति पड़ोस में ही रहने वाले रिक्शा चालक दीपक को साथ लेकर अपनी पत्नी को रिक्शा में बैठाकर प्रसव कराने के लिए सामान्य अस्पताल ले जाने लगा। जब वे तीनों बस स्टैंड के पास पहुंचे ही थे कि महिला को पीड़ा बढ़ गई और उसने रिक्शा में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
महिला की बिगड़ती हालत को देख उसके पति व रिक्शा चालक ने यहां से गुजर रही महिलाओं को मदद के लिए बुलाया, लेकिन कोई नहीं आया। रामनगर में स्थित एक डिस्पेंसरी पर ले गए। वहां भी कोई मदद नहीं मिली।
ट्रामा सेंटर तक पहुंचने तक काफी देरी हो गई थी
वे किसी तरह महिला को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, मगर यहां तक पहुंचते-पहुंचते उन्हें काफी देरी हो गई थी। जिस महिला ने बच्चे को जन्म दिया उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी, जबकि उसका पति नवजात शिशु को अपनी गोद में ही लिए हुए था।
रिक्शा चालक दीपक ने बताया कि महिला को तुरंत इलाज मिल सके, इसे लेकर वह एंबुलेंस के लिए फोन करता रहा, लेकिन फोन नहीं लगा। वहीं, रामनगर डिस्पेंसरी में कार्यरत एक कर्मचारी ने कहा कि जच्चा-बच्चा को नहीं लाया गया, बल्कि उसे बाहर से ही रिक्शा में ले गए।
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
रिक्शा में बच्चे को जन्म देने वाली महिला मंजू को जैसे ही ट्रामा सेंटर में लाया गया, यहां कार्यरत स्टाफ नर्स ने तुरंत जच्चा-बच्चा को संभाला और इसके बारे में प्रसूतिगृह में इसकी सूचना दी। डॉ. सविरा तथा स्टाफ नर्स मंजू व प्रवीन डिलीवरी किट लेकर पहुंची और प्लेसेंटा आउट कर उसे वार्ड में लेकर गए।
प्रसूतिगृह की प्रभारी डॉ. सुमन कोहली ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों की जांच की गई है। वे स्वस्थ हैं और वार्ड में दाखिल किया गया है। रिक्शा में बच्चे को जन्म देने वाली महिला दो बच्चों की मां है।
डा. रमेश धनखड़, सीएमओ झज्जर ने बताया कि अगर रामनगर डिस्पेंसरी में जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया गया या फिर एंबुलेंस को कॉल नहीं की गई तो इसकी वे जांच कराएंगे। कोई भी व्यक्ति 102 नंबर पर फोन करके एंबुलेंस को बुला सकता है।