ऑनर के लिए युवक-युवती को दी खौफनाक मौत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में अलग-अलग जगह पर युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ऑनर किलिंग का अंदेशा जताया जा रहा है। दोनों शव 20 किलोमीटर के ऐरिया से बरामद किया गया।
युवती का शव नारनौल(हरियाणा) के गोद बलाहा/सीहमा के गांव धरसूं में रविवार को सरसों के खेत से मिला। युवती के गले में रस्सी और मुंह पर चोट के निशान हैं। वहीं युवक का अधजला शव मंडी अटेली(नारनौल) में नारनौल-रेवाड़ी हाईवे पर बोचड़िया गांव स्थित एक खेत से बरामद किया गया।
गोद बलाहा/सीहमा के गांव धरसूं के सरपंच मुकेश ने पुलिस को सूचना दी कि सिंह राम के खेत में एक युवती का शव डोले के पास झाड़ियों में पड़ा है। युवती हरे रंग का सूट, खाकी सलवार के अलावा गर्म लाल पजामी और हल्की गुलाबी स्वेटर पहने है। सूचना से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि युवती के गले पर रस्सी के निशान थे। वहीं मुंह पर भी चोट के निशान मिले। पुलिस को संदेह है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मौजूद सरपंच और लोगों से युवती के बारे में जानकारी ली, मगर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव सिविल अस्पताल में शिनाख्त के लिए रखा है।
हत्या का मामला देखते हुए एसपी बलबीर सिंह ने भी धरसूं गांव में पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही इसका खुलासा होगा।
हत्या कर जलाया युवक का शव
वहीं मंडी अटेली(नारनौल) में नारनौल-रेवाड़ी हाईवे पर बोचड़िया गांव स्थित एक खेत से पुलिस ने रविवार सुबह अधजला शव बरामद किया। हत्यारों ने शनिवार रात हत्या करने के बाद शव यहां लाकर कड़बी(पशुचारा) में जला दिया। मृतक ने एक कान में बाली पहन रखी थी।
गांव बोचड़िया निवासी कैलाश का हाईवे के पास खेत है। रविवार सुबह कैलाश खेत पर गया। वहां उसने देखा कि कड़बी जलकर राख हो गई है। वहीं पर अधजला शव भी उसे दिखाई दिया। आनन-फानन में उसने यह सूचना गांव के सरपंच देवदत्त को दी। सूचना पर डीएसपी कनीना हंसराज और एसआई कपूर सिंह मय फोर्स के घटना स्थल पर पहुंचे और अधजला शव कब्जे में लिया।
ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए नारनौल सिविल अस्पताल में भिजवाया। शव अधजला होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसलिए पोस्टमार्टम के लिए शव रोहतक पीजीआई भेजा। मृतक ने बायें कान में बाली पहन रखी थी।
मरने वाले की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है। डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि हत्या कहीं दूसरे स्थान पर की गई है। सबूत मिटाने के लिए शव यहां लाकर जलाया है। कड़बी के पास गाड़ी के निशान थे। मामला सुलझाने के लिए क्राइम विशेषज्ञों का सहयोग लिया जा रहा है। अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर हत्यारों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने हत्या का जल्दी खुलासा करने का दावा किया है।
प्रेम प्रसंग या ऑनर किलिंग की है चर्चा
जिला में एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर मिले युवक- युवती के शव कहीं एक ही घटना से तो संबंध नहीं रखते। दोनों की उम्र एक समान है। उनकी शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। हालांकि दोनों के शव करीब 20 किलोमीटर दूर मिले, परंतु जिस तरह दोनों घटनाओं के साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। दिनभर चर्चा रही कि यह ऑनर किलिंग का मामला तो नहीं है।
रविवार सुबह नारनौल से दस किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव धरसूं में सुबह 25 वर्षीय युवती का शव खेत में डोले पर झाड़ियों में मिला। वहीं नारनौल से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित बोचड़िया गांव के खेत में भी 25 वर्षीय युवक का शव जला हुआ मिला। युवती का पहनावा राजस्थानी जैसा है।
वहीं युवक ने भी एक कान में बुरकी पहन रखी है, जो राजस्थान के लोग पहनते हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि शायद युवक और युवती परिचित तो नहीं नहीं थे। इनकी हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंक दिए। वहीं दोनों ही घटनाओं को बड़े ही शातिर तरीके से अंजाम दिया गया है। जिसके कारण दोनों घटनाओं को एक करके भी देखा जा रहा है। बहरहाल इसकी हकीकत तो पुलिस द्वारा जांच किए जाने के बाद ही सामने आ पाएगी।