अब सिरसा से मिले 11 लाख के नकली सिक्के, जल्द हो सकता है एक और फैक्ट्री का खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच रुपये के नकली सिक्कों के मामले में मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने सिरसा के बनवाला गांव में दबिश देकर चार थैलों में भरे पांच रुपये के करीब 11 लाख के नकली सिक्के बरामद किए हैं। वहीं, क्राइम ब्रांच की टीमों ने सिरसा और हिसार में टोल प्लाजा पर दबिश दी। हिसार से एक टोल प्रबंधक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सिरसा में टोल प्रबंधक और अकाउंटेंट फरार हो गए। क्राइम ब्रांच का दावा है कि जल्द ही नकली सिक्के बनाने की एक और फैक्ट्री का भंडाफोड़ करेंगे। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को सूरजकुंड पर एक गाड़ी से ढाई लाख रुपये के नकली पांच के सिक्कों के साथ एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोमवार को बहादुरगढ़ में चल रही नकली सिक्कों की फैक्ट्री पकड़ी थी। पुलिस को यहां से करीब ढाई लाख रुपये के नकली सिक्कों के अलावा सिक्के बनाने की डाई और पावर प्रेस मशीनें आदि मिलीं थीं। क्राइम ब्रांच की टीमों ने गिरफ्तार आरोपियों सुभाष उर्फ राहुल, नासिर, राकेश भाटी और दीपाली की निशानदेही पर मंगलवार को सिरसा और हिसार में छापेमारी की।
क्राइम ब्रांच ने अग्रोहा, हिसार के पास टिकनवास टोल प्लाजा पर छापा मारा। पुलिस ने टोल प्रबंधक शीशपाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शीशपाल फतेहाबाद का रहने वाला है और सिरसा के गांव बनवाला में उसका ननिहाल है। पुलिस ने उसके साथ गांव बनवाला में दबिश दी।
पुलिस को यहां से चार बोरों में पांच-पांच के करीब 11 लाख के नकली सिक्के मिले हैं। इसके अलावा पुलिस की टीम ने सिरसा के ही भावदीन टोल प्लाजा पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि वहां पुलिस के पहुंचने पर टोल प्रबंधक और अकाउंटेंट फरार हो गए। पुलिस ने वहां से एक-दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।
महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और यूपी में दबिश
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने हरियाणा व एनसीआर के टोल प्लाजा के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के टोल बूथों पर भी भारी मात्रा में नकली सिक्के दे रखे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें इन राज्यों में जाकर दबिश दे रही हैं।
कुछ टीमें सोमवार रात को रवाना हो गईं तो कुछ मंगलवार सुबह निकली हैं। माना जा रहा है बुधवार तक टीमें टोल बूथों पर पहुंच कर जांच करेंगी। क्राइम ब्रांच को उम्मीद है कि वहां से भी पुलिस को नकली सिक्कों का बड़ा जखीरा मिलेगा।