{"_id":"6076694d8ebc3e5918522a4a","slug":"chandigarh-police-arrested-security-guard-accused-of-stealing-rs-4-crore-rupees-from-bank","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस को मिली सफलता : एक्सिस बैंक से चार करोड़ रुपये चोरी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को दबोचा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पुलिस को मिली सफलता : एक्सिस बैंक से चार करोड़ रुपये चोरी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को दबोचा
Wed, 14 Apr 2021 09:32 AM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Wed, 14 Apr 2021 09:32 AM IST
सार
सेक्टर- 34 स्थित एक्सिस बैंक के चेस्ट में सुनील सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात था। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक वह लापता हो गया। इसके बाद अगली सुबह पुलिस को सुनील के लापता होने की सूचना दी गई। शक के आधार पर बैंक के चेस्ट में रखे पैसों से भरे बक्सों की जांच की गई तो एक बक्से को काटकर चार करोड़ चार लाख निकाले गए थे।
विज्ञापन
Chandigarh
- फोटो : फाइल फोटो।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक से 4.04 करोड़ रुपये चोरी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड सुनील कुमार को क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार करोड़ तीन लाख 14 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। 86 हजार रुपये उसने मोबाइल, कपड़े, खाने-पीने और होटल किराए में खर्च कर दिए। जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील कुमार ने अपनी लाइफ स्टाइल को बदलने के लिए वारदात की थी।
विज्ञापन
क्राइम ब्रांच के एसपी मनोज कुमार मीणा ने बताया कि बीते रविवार को पुलिस को सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक के चेस्ट से 4.04 करोड़ रुपये चोरी होने की शिकायत मिली थी। क्राइम ब्रांच ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को पकड़ने के लिए टीम गठित की। इसके बाद टीम ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला, जिसमें सामने आया कि वह इसमें काफी सक्रिय रहता है। वह महिलाओं से लगातार संपर्क में था। पुलिस ने सोशल मीडिया से उसके लोकेशन के बारे में खंगाला तो उसके अलग-अलग लोकेशन में आने-जाने का पता चला।
विज्ञापन
मंगलवार देर रात क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपी ने पंचकूला जिले के रायपुररानी में अपना ठिकाना बनाया है। क्राइम ब्रांच की टीम उसके ठिकाने पर पहुंची तो वह पल्सर बाइक से भागकर चंडीगढ़ आ गया। टीम ने उसका पीछा कर मंगलवार देर रात सेक्टर-26 के पास से दबोच लिया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- नहीं थम रहीं चोरी की वारदातें : चंडीगढ़ में डॉक्टर की शादी से 12 दिन पहले घर से 10 लाख की नगदी व जेवरात चोरी
हल्लोमाजरा के जंगल में छिपाया था चार करोड़
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बैंक में चोरी करने के बाद उसने हल्लोमाजरा के जंगल क्षेत्र में एक गड्ढा खोदकर चार करोड़ रुपये छुपा दिए। चार लाख वह अपने साथ लेकर रायपुररानी चला गया था। उसने रास्ते में अपना मोबाइल भी फेंक दिया था ताकि पुलिस उस तक पहुंच न सके। उसके बाद से वह खुद काफी परेशान था।
वारदात के बाद सही से सो भी नहीं पाया। रायपुररानी के एक होटल में समय बिता रहा था। वारदात के अगले दिन वह हल्लोमाजरा के जंगल में दबाए रुपये भी देखने गया। वहीं, क्राइम ब्रांच का कहना है कि अब तक की जांच में पता चला है कि सुनील कुमार ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया है।
ऐसे हुई थी वारदात
सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक के चेस्ट में मोरनी के गांव बाबडवाली भोज कुदाना का रहने वाला सुनील कुमार बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करता था। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक वह लापता हो गया। इसके बाद अगली सुबह पुलिस को सुनील कुमार के लापता होने की सूचना दी गई।
शक के आधार पर बैंक के चेस्ट में रखे पैसों से भरे बक्सों की जांच की गई तो एक बक्सा पीछे से कटा था और उसमें से चार करोड़ चार लाख की रकम गायब थी। बैंक की सुरक्षा में पंजाब पुलिस के जवान भी थे लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि सिक्योरिटी गार्ड सुनील कुमार वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया है, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में बढ़ी पाबंदी : रॉक गार्डन बंद, वीकेंड पर सुखना लेक पर नहीं कर सकेंगे सैर, कर्फ्यू का समय भी बदला