'हम पुलिस होकर सोना नहीं पहनते तुम चेन पहनकर घूमते हो'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्नेचर सोने की चेन छीन ले गए, और पुलिस वाले ने कहा, 'हम पुलिस होकर सोना नहीं पहनते तुम चेन पहनकर घूमते हो'। यह बात लुधियाना पुलिस ने पीड़ित महिला को तब कही जब वो पुलिस को शिकायत देने पहुंची। स्नैचिंग की वारदात पंजाब के लुधियाना के जमालपुर की आहलूवालिया कालोनी में घटी। ब्यूटी पार्लर के बाहर महिला से रविवार सुबह करीब छह बजे बाइक सवार लुटेरे चेन छीनकर ले गए।
महिला कुछ कर पाती इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एएसआई ने कार्रवाई करने के बजाय महिला को ही नसीहत देनी शुरू कर दी। लोगों के अनुसार एएसआई ने कहा कि वह पुलिस वाले हैं लेकिन कभी सोना नहीं डालते तो तुम लोग ऐसे ही सोने की चेन पहन कर घूमे जा रहे हो। इस पर मौके पर मौजूद लोग भड़क गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से मांग की है कि ऐसे पुलिस वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो पीड़ितों को ही नसीहत देने में लग जाते हैं।
एमआईजी फ्लैट की रहने वाली मोनिका ने कहा कि आहलूवालिया कालोनी में उसका ब्यूटी पार्लर है। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पार्लर खोलने के बाद वह बाहर सफाई कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास आकर रुके। एक युवक उसके पास आया और चेन छीनकर भाग गए।
कार्रवाई तो की नहीं, उल्टा चेन पहनने पर नसीहत देने लगे
महिला ने बताया कि उसने काफी दूर तक दोनों का पीछा किया, लेकिन आरोपी फरार हो गए। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना जमालपुर से एएसआई पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई तो की नहीं, उल्टा उसे चेन पहनने पर नसीहत देने लगा।
मोनिका ने कहा कि उसके पड़ोसी युवक ने भी लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया, मगर लुटेरे भाग गए। उन्होंने कहा कि दोनों युवक बिना नंबर की बाइक पर आए थे। पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों में शामिल कांता देवी, कुलवंत कौर, इंद्रजीत कौर, राजीव शर्मा, सर्वजीत सिंह ने कहा कि पहले भी मोनिका से ब्यूटी पार्लर के बाहर झपटमारी हुई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब फिर से पुलिस उन्हें ही नसीहत दे रही है। उन्होने कहा कि पुलिस इलाके में गश्त नहीं करती है। जिस वजह से इलाके में अक्सर वारदात होती रहती है।
गुरजीत सिंह, एसीपी साहनेवाल ने बताया कि मेरे ध्यान में ऐसी कोई बात आई नहीं है। अगर किसी पुलिस मुलाजिम ने लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।