लव मैरिज से नाराज भाई ने जीजा के परिवार का कर दिया ये हाल...बहन को भी नहीं छोड़ा
परिवार वालों के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज करने से गुस्साए एक युवक ने अपने जीजा और उसके परिवार को मिठाई में नशीला पदार्थ खिला कर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी बहन को भी मिठाई खिलाई और उसे अगवा कर फरार हो गया। घटना का पता उस समय चला जब जीजा को होश आया।
उसने इसकी जानकारी थाना हैबोवाल पुलिस को दी। पुलिस ने हैबोवाल कलां के हकीकत नगर निवासी जॉय की शिकायत पर हरियाणा के सिरसा स्थित गांव नेजाडेला निवासी अजय बाजीगर और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जॉय ने बताया कि वह बिजली रिपेयरिंग का काम करता है। उसके सिरसा के गांव नेजाडेला निवासी सुनीता के साथ प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन सुनीता के परिजन तैयार नहीं थे।
इसके बाद दोनों ने परिजनों के खिलाफ जाकर लुधियाना की अदालत में शादी कर ली। सुनीता के परिवार ने काफी विरोध किया। कुछ समय बीतने के बाद वह मान गए। दो दिन पहले उसका साला अजय उनके घर आया।
वह मिठाई लेकर आया था। आरोपी ने देर रात उसे, सुनीता, उसकी बहन अनु और ट्विंकल, जीजा रोबिन और मां के साथ साथ भाई को भी मिठाई खिलाई। मिठाई खाने के बाद सभी लोग बेहोश हो गए। जब वह सुबह उठा तो परिवार बेहोश और पत्नी को गायब देखा। पता चला कि आरोपी उसकी पत्नी को सोते हुए ही चादर में लपेट कर गाड़ी में ले गए।
आरोपी के साथ उसके दो साथी भी थे। जॉय ने बताया कि अब उसके ससुराल वाले उस पर दबाव बना रहे हैं कि वह उसकी पत्नी को वापस तब भेजेंगे जब वह केस वापस लेगा।
उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। हैबोवाल थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि कुछ जगहों पर छापेमारी की गई थी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।