स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पर हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के फिरोजपुर के अबोहर में पंजाब स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर व प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश अरोड़ा और उनके बेटे डॉ. सौरभ अरोड़ा पर नेहरू पार्क में अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉ. अरोड़ा की धर्मपत्नी और उनकी पुत्रवधु बाल-बाल बच गए। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पार्क में परिवार के साथ सैर कर रहे थे
जानकारी के अनुसार डॉ. राकेश अरोड़ा अपनी धर्मपत्नी, बेटे डॉ. सौरभ अरोड़ा व पुत्रवधु मीनू अरोड़ा के साथ नेहरू पार्क में सैर कर रहे थे। उनके साथ डॉ. परमजीत सिंह और डॉ. वधवा भी मौजूद थे।
सैर करते समय पार्क में तीन युवक आए और बदतमीजी करने लगे। जब विरोध किया तो युवकों ने तेजधार हथियार से डॉ. राकेश अरोड़ा के पेट और सीने समेत तीन स्थानों पर वार कर दिया।
इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बचाव में जब उनका बेटा सौरभ आया तो हमलावरों ने उस पर भी तेजधार हथियार से दो वार किए जो उसके पेट और माथे पर लगे। वह भी घायल हो गए।
डॉक्टरों ने शोर मचाया तो हमलावर भागे
डिप्टी डायरेक्टर पर हमला होता देख जब अन्य डाक्टरों ने शोर मचाया तो हमलावर वहां से फरार हो गए। पिता-पुत्र को अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नं. 1 के प्रभारी बलजिंद्र सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। डीएसपी जगदीश बिश्नोई ने बताया कि शहर के चौक-चौराहों पर नाकाबंदी कर दी गई है।
हमलावरों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा। घटना का समाचार मिलते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लाल चंद ठकराल, डॉ. बलदेव राज, डॉ. जगदीश टक्कर, डॉ. अजयमोहन शर्मा, डॉ. अजय भूरा सहित अन्य डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।