Mohali News: पंजाबी गायक की रेकी करने पहुंचे दो बदमाश, मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली, दूसरा भाग निकला
पंजाबी गायक की रेकी करने पहुंचे दो बदमाशों की मोहाली में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया है। मगर उसका साथी रात के अंधेरे में भागने में सफल रहा। घायल को पुलिस ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहाली के गांव चप्पड़चिड़ी के ऐतिहासिक मैदान स्थित फतेह मीनार के पीछे सुनसान इलाके में बुधवार शाम पुलिस की स्पेशल सेल और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। क्रॉस फायरिंग में टांग पर पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस को आरोपी से 30 बोर की पिस्टल व एक लोडेड मैगजीन बरामद हुई है।
पकड़े गए बदमाश की पहचान बनवारी पाल निवासी आगरा (यूपी) के रूप में हुई है, जो कौशल गैंग से जुड़ा है। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस मामले में आरोपी बनवारी पाल और उसके साथी के खिलाफ सोहाना थाने में आईपीसी की धारा 307, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि स्पेशल सेल को शाम करीब पौने छह बजे जानकारी मिली कि चप्पड़चिड़ी इलाके में दो बदमाश घूम रहे हैं।
दोनों एक नामी पंजाबी गायक की रेकी करने आए हैं। सूचना पर स्पेशल सेल की टीम ने चप्पड़चिड़ी इलाके को घेर लिया। इस बीच बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशार किया तो उन्होंने बाइक भगा ली। पुलिस ने उनका पीछा किया। फतेह मीनार के पीछे सुनसान इलाके में उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की तो एक गोली बनवारी पाल की टांग पर लगी और बाइक स्लिप होने से दोनों बदमाश नीचे गिर गए। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गया।
घायल बनवारी पाल से पुलिस को 30 बोर की पिस्टल व एक लोडेड मैग्जीन बरामद हुई है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं, ऑपरेशन को लीड कर रहे स्पेशल ब्रांच व क्रिमिनल इंटेलिजेंस के डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने बताया कि पुलिस इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चला रही है। फरार बदमाश को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद मौके से कुछ सैंपल लिए हैं।
होशियारपुर में 15 दिन पहले हुए गोलीकांड में शामिल था बनवारी
एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि करीब 15 दिन पहले होशियारपुर जिले में पड़ते मालपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति व उसके घर पर तीन युवकों ने फायरिंग की थी। उस वारदात में आरोपी बनवारी भी शामिल था। आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर गायक की रेकी करने आए थे उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस का मानना है कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है और आरोपी उससे कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।