हरियाणाः 'जेलर' की आठ गोलियां मारकर हत्या, पांच दिन पहले मिली थी जमानत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नारनौंद क्षेत्र के जींद रोड स्थित गैस एजेंसी के सामने दो मोटरसाइकिलों पर आए पांच युवकों ने एक युवक राहुल उर्फ जेलर की आठ गोलियां मारकर हत्या कर दी। युवक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार दूसरे युवक ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने हत्या का कारण 15 दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश को माना है।
मृतक राहुल पांच दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हिसार से सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में मौके का जायजा लिया।
एक दिसंबर को राहुल उर्फ जेलर सहित चार युवकों पर घर में घुसकर एक युवक और उसकी मां व बहन पर हमला करने का आरोप था। इस मामले में उस पर केस भी दर्ज हुआ था। राहुल को पुलिस ने आठ दिसंबर को इस मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।
नारनौंद के वार्ड 11 निवासी कृष्ण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका बेटा 22 वर्षीय राहुल उर्फ जेलर खाना खाने के लिए जींद रोड के एक होटल पर गया था। वहीं पर जयभगवान उर्फ नानू भी अपने साथियों सहित आया हुआ था। जब राहुल अपने दोस्त राकेश के साथ वहां से खाना खाने के बाद बाइक पर घर के लिए चला तो दो मोटरसाइकिलों पर पांच युवकों ने उनका पीछा किया।
एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, उनमें जयभगवान उर्फ नानू भी था। उसने राहुल पर गोली चला दी, जो कि उसकी बाजू पर लगी। इसके बाद मोटरसाइकिल चला रहे युवक राकेश का संतुलन बिगड़ गया और वो नीचे गिर गए। इसके बाद उन्होंने राहुल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। राहुल के सिर और सीने में गोलियां मारी गई हैं।
सिर और सीने में मारी गोलियां
कृष्ण ने बताया कि राहुल का साथी राकेश वहां से भागकर उसके पास आया और घटना की सूचना दी। इसके बाद हम एक गाड़ी रुकवाकर राहुल को हिसार के निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कृष्ण ने बताया कि जयभगवान उर्फ नानू का उसके बेटे व तीन अन्य युवकों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश के तहत ही उसने राहुल की हत्या की है। पुलिस ने कृष्ण के बयान पर आईपीसी की धारा 302, 148, 149 व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत जयभगवान उर्फ नानू और चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह था मामला
मामले में पुलिस को जयभगवान उर्फ नानू पर शक है। एक दिसंबर को नारनौंद निवासी सुरेश, दीपक व राहुल उर्फ जेलर और भैणी अमीरपुर निवासी रितिक का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसको लेकर इन चारों ने जयभगवान, उसकी मां किताबो व उसकी बहन आरती के साथ मारपीट कर दी थी।
जयभगवान उर्फ नानू को मां व बहन के साथ हुई मारपीट को लेकर रंजिश थी। पुलिस को संदेह है कि इसी कारण जयभगवान ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस मारपीट के आरोप में राहुल सहित चारों आरोपियों को आठ दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। चारों की 11 दिसंबर को जमानत हो गई थी।
मामले में मृतक राहुल के पिता कृष्ण के बयान पर जयभगवान और चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। युवक के सिर और सीने में ज्यादा गोलियां मारी गई हैं। जल्द ही मामले के आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। - दलबीर सिंह, थाना प्रभारी, नारनौंद