फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Amritsar News ›   Punjab News in Hindi: Coronavirus New Cases in Punjab, Coronavirus update in Hindi, Coronavirus outbreak in Punjab

पंजाब में 55 नए पॉजिटिव मिले, 14 लोग हुए ठीक, अब सिर्फ फिरोजपुर और मानसा ही कोरोना मुक्त

Fri, 05 Jun 2020 12:03 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Fri, 05 Jun 2020 12:03 AM IST
विज्ञापन
Punjab News in Hindi: Coronavirus New Cases in Punjab, Coronavirus update in Hindi, Coronavirus outbreak in Punjab
कोरोना पॉजिटिव - फोटो : अमर उजाला

पंजाब कोरोना के रोज नए मामले आ रहे हैं। राज्य में गुरुवार को केवल फिरोजपुर और मानसा जिले ही कोरोना मुक्त रह गए हैं। बाकी सभी जिलों में इस महामारी ने लोगों को चपेट में ले लिया है। 24 घंटे में विभिन्न जिलों में कुल 55 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2431 हो गई है। गुरुवार को ही 14 मरीजों के ठीक होने की खबर भी आई, जिसके साथ ही महामारी को शिकस्त देने वाले लोगों की संख्या 2043 हो गई है। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिन 55 मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें अमृतसर में 15 मरीजों में से 7 नए मामले हैं। फाजिल्का और मुक्तसर में 1-1 व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। लुधियाना में पॉजिटिव पाए गए 22 में से छह लोग पहले से पीड़ित मरीज के करीबी हैं। बठिंडा में मुंबई के लौटे तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 
विज्ञापन



यह भी पढ़ें- हरियाणा में मिले 327 पॉजिटिव, करनाल में एक की मौत, अकेले गुरुग्राम में 200 से अधिक मामले
विज्ञापन
विज्ञापन


वहीं, रोपड़ में संक्रमित पाया गया एक व्यक्ति दिल्ली से लौटा है। नवांशहर में भी पॉजिटिव पाया गया एक व्यक्ति विदेश से लौटा है जबकि संगरूर में एक कैदी और होशियारपुर में एक पुलिस अधिकारी को पॉजिटिव पाया गया है।

पठानकोट में गुरुवार को चार पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिनमें से दो केस पहले से पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क वालों के हैं और दो अन्य नए केस हैं। जालंधर में सामने आए चार मरीज भी कोरोना पीड़ितों के नए केस हैं, जबकि बरनाला में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। 

1,06,933 के सैंपल लिए 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जिन 14 मरीजों के ठीक होने की पुष्टि की गई है, उनमें जालंधर के 7, लुधियाना व संगरूर के 1-1, मोहाली के 3 और बठिंडा के 2 लोग शामिल हैं। राज्य में अब तक 106933 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। सूबे के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 325 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से छह की हालत गंभीर है। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है।

बठिंडा: कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले 
बठिंडा में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। तीनों एक ही परिवार के हैं। जो एक जून को श्री गंगानगर से वापस अपने घर बठिंडा पहुंचे थे। गुरुवार को डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने बताया कि मंगलवार को उक्त तीनों लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए थे। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि श्री गंगानगर से आने के बाद ये सभी लोग घर में क्वारंटीन थे।

डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से कहा है कि वह किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें और ना ही किसी घबराहट में आए। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वाले लोगों को सरकारी एकांतवास और दूसरे राज्यों से आने वाले को भारत सरकार के आदेशानुसार घरों में ही एकांतवास पर रखा जा रहा है।

फाजिल्का: महाराष्ट्र से लौटी 45 वर्षीय महिला संक्रमित
बुधवार देर रात जिला फाजिल्का में एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। फाजिल्का के सिविल सर्जन डॉ. चंद्र मोहन कटारिया ने बताया कि पिछले दिनों महाराष्ट्र से लौटे तीन लोगों के सैंपल लिए थे, जिनमें से दो व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव व एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसे सिविल अस्पताल जलालाबाद भेज दिया गया। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तीन हो गई है।

जालंधर: गर्भवती सहित चार को कोरोना संक्रमण, संख्या 270 पहुंची

जालंधर में गुरुवार को चार और मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक गर्भवती महिला भी है। रोज गार्डन की 65 साल की महिला को सांस की समस्या की वजह से सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया और उसके सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे, जिसमें उसे कोरोना संक्रमित पाया गया है।

इसके अलावा होशियारपुर रोड पर स्थित लम्मा पिंड की 28 साल की गर्भवती महिला, लाडोवाली रोड प्रीत नगर का 29 साल का युवक और टैगोर नगर का 55 साल का व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। जालंधर में संक्रमित मरीजों की संख्या 270 पहुंच गई है और अभी तक नौ की मौत हो चुकी है।

पठानकोट में मां-बेटे समेत चार संक्रमित मिले, आंकड़ा 81 पहुंचा
पठानकोट में कोरोना मरीजों की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को आई सूची में सुंदर नगर निवासी मां-बेटे समेत चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 81 जा पहुंचा है। एसएमओ डॉ. भूपिंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को आई रिपोर्ट में पहले से संक्रमित के संपर्क में आए मां-बेटा, शाहपुरकंडी का युवक और मामून निवासी महिला संक्रमित मिली हैं। निजी अस्पताल में भर्ती संक्रमित बुजुर्ग को चंडीगढ़ पीजीआई और एक अन्य व्यक्ति को अमृतसर रेफर किया गया है। 

एयरपोर्ट पर 62 लोगों के लिए सैंपल
पठानकोट सहायक सिविल सर्जन डॉ. अदिति सलारिया ने गुरुवार को पठानकोट एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों से दिल्ली के रास्ते पठानकोट पहुंचने वाले लोगों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की जा रही है। गुरुवार को पठानकोट एयरपोर्ट पर 62 मरीजों की स्क्रीनिंग के बाद सैंपल लिए गए।

एक और पॉजिटिव मरीज के साथ होशियापुर में आंकड़ा 135

होशियारपुर जिले में गुरुवार को एक और कोविड-19 पॉजिटिव केस सामने आया है। इसी के साथ जिले में अब पॉजिटिव केसों की संख्या 135 हो गई है, जिनमें से 112 मरीज ठीक हो चुके हैं और पांच व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में 18 एक्टिव केस हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार जो पॉजिटिव केस सामने आए हैं, वह कपूरथला से रिपोर्ट हुआ है। पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति सब-डिवीजन दसूहा से संबंधित है और कपूरथला जिले के थाना बेगोवाल में बतौर एएसआई तैनात है। उसे कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। 

पटियाला: दो संक्रमित मिले
नाभा शहर के रहने वाले 17 साल के एक नौजवान को गुरुवार देर शाम पॉजिटिव मिला है। यह नौजवान पिछले दिनों बाहरी राज्य से लौटा था। उसके साथ संगरूर की तहसील मालेरकोटला की रहने वाली महिला, जो नाभा सिविल अस्पताल में अपनी सेहत जांच कराने आई थी, वो भी पॉजिटिव पाई गई। दोनों को तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करा दिया गया। इस तरह से अब पटियाला के कोरोना पॉजिटिव केसों की गिनती 130 हो गई है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने दी। 

गुरदासपुर: कुवैत से लौटा युवक पॉजिटिव
कुवैत से लौटे कादरी मोहल्ला का एक नौजवान कोरोना पॉजिटिव आया है। अब गुरदासपुर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 हो गई है। इसकी पुष्टि सिविल सर्जन डॉ. किशन चंद ने की। वहीं स्वस्थ्य विभाग की टीम ने दीनानगर सब्जी मंडी में पहुंच कर आढ़तियों, कर्मियों व सब्जी लेने आए ग्राहकों के सैंपल लिए। डॉ. किशन चंद ने बताया कि टीम ने लगभग 24 सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि सब्जी मंडियों व भीड़भाड़ वाले बाजारों में यह सैंपल मिशन फतेह के तहत लिए जा रहे हैं।

अमृतसर में निजी डॉक्टर समेत 11 नए संक्रमित

कोरोना ने गुरुवार को 11 और लोगों को गिरफ्त में ले लिया। इनमें एक प्राइवेट डॉक्टर और निगम में कार्यरत सीवरमैन शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने कटड़ा परजा स्थित प्राइवेट डॉक्टर के नर्सिंग होम को बंद करवा कर स्टाफ को होम क्वारंटीन होने को कहा है। वहीं निगम के सीवरमैन के संपर्क में आए निगम के दस अधिकारियों व कर्मचारियों को भी घर पर रहने को कहा गया है। सीवरमैन जोन नंबर चार में कार्यरत है और ढपई रोड का रहने वाला है। निगम ने जोन नंबर चार को सैनिटाइजेशन करवाया है। कर्मी के पारिवारिक सदस्यों के सैंपल भी लिए जाएंगे।

कटड़ा परजा में नर्सिंग होम चलाने वाले उक्त डॉक्टर शहर के प्रतिष्ठित डॉक्टरों में गिना जाता है। कटड़ा परजा में पहले भी पॉजिटिव मरीज रिपोर्ट हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन्हीं किसी के संपर्क में आने से डॉक्टर पॉजिटिव हुए हैं। वहीं सीवरमैन के संक्रमित होने का सूत्र अभी स्वास्थ्य विभाग जुटा नहीं पाया है।

ऑपरेशन करवाने निजी अस्पताल आए थे, पॉजिटिव निकले
कोरेाना किसी को भी हो सकता है। यह अलग बात है कि ज्यादातर लोग इस बात को स्वीकार नहीं कर रहे। गुरुवार को तीन ऐसे पॉजिटिव मरीज रिपोर्ट हुए जिन्हें आभास तक नहीं था कि वह संक्रमण की चपेट में हैं। रोज एवेन्यू व खंडवाला में रहने वाले दो लोग सर्जरी करवाने के लिए शहर के निजी अस्पताल आए थे। सर्जरी से पूर्व डॉक्टर ने कोविड-19 टेस्ट करवाया। 

टेस्ट रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव आए। तीसरा मरीज भी एक निजी अस्पताल में दाखिल था। वह भी पॉजिटिव आया है। गुरुवार को भद्रकाली क्षेत्र में रहने वाला शख्स भी पॉजिटिव आया है। इस शख्स का भाई पूर्व में संक्रमित रिपोर्ट हुआ था। इसी प्रकार फैजपुरा, रंजीत एवेन्यू, कटड़ा शेर सिंह, दसौंधा सिंह रोड, कटड़ा मोतीराम में भी कोरोना मरीज रिपोर्ट हुए हैं। अमृतसर में अब एक्टिव केसों की संख्या 98 तक जा पहुंची है। 

लुधियाना: संक्रमित डॉक्टर दंपती की दो साल की बच्ची समेत 22 नए संक्रमित

लुधियाना में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 22 नए मामले सामने आए। इसमें डॉक्टर दंपती की दो साल की बच्ची भी शामिल है। डॉक्टर दंपती पहले से कोरोना के चपेट में आ चुके हैं। इस तरह लुधियाना में अभी तक कोरोना से पीड़ितों की कुल संख्या 225 हो गई है, जबकि नौ लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है। 

सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि छह पॉजिटिव केस में चार मामले गांव बोपुर (खन्ना) से संबंधित हैं, जबकि एक केस गांव मेहरबान का है। खन्ना निवासी दो वर्षीय बच्ची भी पॉजिटिव मिली है, जो मोहन दाई कैंसर अस्पताल में उपचाराधीन है। अभी तक लुधियाना से 210 केस हो चुके हैं। 

गुरुवार को सात लोगों को छुट्टी दे दी गई। इसमें चार लोग लुधियाना से हैं, जबकि तीन लोग अन्य जिलों से हैं। डॉक्टर बग्गा ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए लोग मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल जरूर करें। जो लोग सरकार के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे है, उन पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

मंडी गोबिंदगढ़ में मिला एक कोरोना केस 
लोहा नगरी के पक्का शांति नगर इलाके में एक 20 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। एसडीएम आनंद सागर शर्मा ने बताया कि पीड़ित युवक दो जून को दिल्ली से आया था, जिसका स्वास्थ्य विभाग ने टेस्ट लिया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे ज्ञान सागर अस्पताल (बनूड़) में दाखिल करवाया गया है। पूरे इलाके को नगर काउंसिल की टीम ने सैनिटाइज किया है। 
 
रोपड़ में एक और पॉजिटिव मिला
रोपड़ में गुरुवार को कोरोना का एक और पॉजिटिव मामला आने से एक्टिव केसों की संख्या 11 हो गई है। इससे पहले 30 मई को एक ही गांव में हेल्थ वर्कर समेत आठ केस कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जो महाराष्ट्र से आए थे। गुरुवार को पॉजिटिव आया युवा दिल्ली से हवाई यात्रा के जरिये शहर की लखविंदरा एनक्लेव में आया है। युवक का मोहाली एयरपोर्ट पर ही कोरोना टेस्ट करवाया गया था। टेस्ट के बाद युवक अपने घर लखविंदरा एनक्लेव में क्वारंटीन हो गया। अब पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने युवक को ज्ञान सागर मेडिकल सेंटर में शिफ्ट कर दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed