चरखी दादरी: कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमित की मौत, सात साल के बच्चे समेत पांच पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चरखी दादरी में मंगलवार को पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। ये पांचों संक्रमित भागवी, खातीवास, उमरवास, पैंतावास खुर्द व नीमली गांव के निवासी हैं। उमरवास निवासी संक्रमित का भिवानी में सैंपल लिया गया था और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। वहीं, एक कोरोना संक्रमित की कोविड अस्पताल में मौत भी हो गई। हालांकि डॉक्टरों ने मौत की वजह के बारे में अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। अब तक जिले में 24 संक्रमित केस हैं जबकि तीन मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।
मेघालय से लौटी बीएसएफ जवान की पत्नी मिली संक्रमित
भागवी गांव निवासी एक महिला की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। उसका पति बीएसएफ में है और तैनाती मेघालय में है। महिला अपने पति के साथ वहीं रहती थी और गत 28 मई को वो अपने पति के साथ फ्लाइट से दिल्ली और दिल्ली से कैब के जरिये 29 मई को अपने घर पहुंची। 30 मई को पति-पत्नी के सैंपल लिए गए थे और महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि पति-पत्नी किसी के संपर्क में नहीं आए।
गुरूग्राम से लौटे हैं दो संक्रमित
संक्रमित मिला उमरवास निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति मानेसर स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। गत 29 मई को वह गुरूग्राम से लौटा था। 30 मई को वह भिवानी सिविल अस्पताल में सैंपल देने पहुंचा था। उसकी रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। वहीं, नीमली निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित मिला है। वह बाइक पर सवार होकर गत 31 मई को आया था और आते ही उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था।
सात साल का बच्चा मिला संक्रमित
दिल्ली से अपने माता-पिता के साथ लौटा गांव पैंतावास खुर्द निवासी सात वर्षीय बच्चा भी संक्रमित मिला है। जानकारी के अनुसार परिवार पिछले चार सालों से दिल्ली में रह रहा था। 31 मई को ही परिवार अपने गांव लौटा था। दिल्ली से आने के बाद तीनों के सैंपल लिए गए थे और लड़के की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसका पिता देखभाल के लिए आइसोलेशन वार्ड में रहेगा।
मंगलवार को संक्रमित मिले लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। इनकी हिस्ट्री का पता लगाने का हम प्रयास कर रहे हैं। -डॉ.चंचल तोमर, डिप्टी सीएमओ