पंजाब में कोरोना के 126 नए पॉजिटिव मिले, अमृतसर में महिला की मौत, 3497 कुल पीड़ित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में अब कोई भी दिन ऐसा नहीं बीत रहा, जब घातक कोरोना वायरस किसी नागरिक की जान न ले रहा हो। बुधवार को भी अमृतसर में एक महिला की घातक बीमारी से मौत के साथ राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या 78 हो गई है। इस दौरान, एक ही दिन में 126 नए पॉजिटिव केसों की भी पुष्टि हुई है, जिसमें 8 लोग विदेश से और नौ लोग दूसरे राज्यों से आए थे। इसके साथ राज्य में कोरोना पीड़ितों की तादाद 3497 हो गई है।
बुधवार को 77 मरीज स्वस्थ हुए
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 208408 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। विभिन्न अस्पतालों में इस समय 881 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से पठानकोट के 1, अमृतसर के 3, पटियाला के 2, संगरूर के 3, जालंधर के 7 मरीजों समेत कुल 26 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 2 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। बुधवार को जो 77 मरीज ठीक हुए, उनमें जालंधर से 46, गुरदासपुर का 1, तरनतारन के 2, मोहाली के 5, पटियाला के 2, पठानकोट के 3, फतेहगढ़ साहिब के 2, मोगा और मानसा के 2-2, कपूरथला के 3 और संगरुर के 9 मरीज शामिल हैं।
अमृतसर में महिला की मौत
श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल एक 62 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई है। महिला को तीन दिन पहले जीएनडीएच में दाखिल किया गया था। बुधवार को सुबह तबीयत अचानक खराब हो गई। महिला लाहोरी गेट की रहने वाली थी। सिविल सर्जन डॉ. जुगल किशोर के अनुसार महिला शुगर व अन्य रोगों से भी पीड़ित थी।
लाहोरी गेट में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। इस महिला की मौत के साथ अमृतसर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 हो गई है। बुधवार को अमृतसर में 12 नए केस सामने आए हैं। जिसमें से अजीत नगर व विजय नगर के दो मरीज कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में थे।
गुरबक्श नगर, सराय संत राम लोहगढ़ गेट, लोहारका रोड, राम बाग, कटरा शेर सिंह, गुर हरराय ऐवेन्यू, लारेन्स रोड, गुमटाला, ग्रीन एवेन्यू व बतला रोड स्थित विजय नगर से एक-एक मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही अमृतसर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 657 हो गई है। 475 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। 157 मरीजों का इलाज चल रहा है।
वहीं विजिलेंस विभाग में तैनात एक एएसआई की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दफ्तर में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने थानेदार को तुरंत जीएनडीएच के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवा दिया। स्वास्थ्य विभाग ने विजिलेंस के एसएसपी व एक डीएसपी सहित आठ कर्मचारियों को क्वारंटीन कर उनको टेस्ट कराने के आदेश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह ने अमृतसर के सभी थानों के मुलाजिमों को कोरोना टेस्ट करवाने के आदेश दिए। इसके बाद अभी तक चार पुलिस मुलाजिम कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
पटियाला: छह स्टाफ नर्स, पांच कर्मचारियों समेत 12 कोरोना पॉजिटिव मिले
मालवा क्षेत्र के जाने-माने सरकारी राजिंदरा अस्पताल में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर शाम अस्पताल की छह स्टाफ नर्सों और पांच कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं अस्पताल में दाखिल हुई पटियाला के रणबीर पुरा की रहने वाली 47 साल की महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है।
सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि बुधवार 286 सैंपलों की रिपोर्ट हासिल हुई। जिसमें से 274 की रिपोर्ट नेगेटिव, जबकि 12 की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव रही है। इनमें छह राजिंदरा अस्पताल की स्टाफ नर्सें और पांच कर्मचारी शामिल हैं। यह पांच कर्मचारी सफाई सेवक व वार्ड अटेंडेंट हैं।
सीएमओ ने बताया कि पिछले दिनों जो राजिंदरा अस्पताल की नर्सिंग स्टाफ की हेड और एक अन्य स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव रही थीं। यह सभी 11 स्टाफ नर्सें व कर्मचारी उक्त दोनों के संपर्क में आए थे। साथ ही बताया कि बुधवार को तीन और मरीजों को कोरोना से ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर घरों को भेज दिया गया। वहीं आज जिले के विभिन्न स्थानों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कुल 602 सैंपल लिए हैं। जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आएगी।
होशियारपुर जिले में चार नए कोरोना मरीज
होशियारपुर में बुधवार को चार नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से एक मुकेरियां निवासी महिला (49)है। वह कैंसर के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल थी और वहां उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। तीन अन्य मरीजों में एक 37 वर्षीया महिला मंड पंधेर इलाके से, जबकि 38 और 33 वर्षीय दो व्यक्ति मुकेरियां से संबंधित हैं। इन चारों के साथ जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 149 हो गई है।
पठानकोट में 6 नए संक्रमित मिले
पठानकोट में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को आई रिपोर्ट में 6 लोग संक्रमित पाए गए। अब कुल संक्रमितों की संख्या 157 पहुंच गई है। वहीं, 3 लोगों को डिस्चार्ज पॉलिसी के तहत घर भेज दिया गया। बुधवार को अमृतसर से कुल 197 लोगों की रिपोर्ट आई। इसमें 6 पॉजिटिव और 191 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इनमें घरोटा, इंदिरा कॉलोनी, सैली कुलियां से संबंधित मरीज सामने आए हैं। वहीं शक्तिनगर की रहने वाली महिला भी संक्रमित पाई गई। महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में सैंपल दिया था। वहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुल 157 मामलों में 87 लोग इलाज के बाद घरों को लौट चुके हैं। 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 65 लोगों का इलाज पठानकोट चिंतपूर्णी कॉलेज में किया जा रहा है।
फतेहगढ़ साहिब में दो महिलाएं संक्रमित, कुल 11 मरीज
फतेहगढ़ साहिब में एक दिन में दो महिला कोरोना पॉजिटिव आने से एक्टिव केसों की संख्या 11 हो गई है। लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में एक 20 वर्षीय गर्भवती महिला की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई। वहीं बस्सी पठाना में एक मरीज के संपर्क में आई महिला अध्यापक भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि मंडी गोबिंदगढ़ के शांति नगर में संक्रमि मिली गर्भवती महिला 13 जून को पानीपत से आई थी। बस्सी पठाना की एसएमओ डॉ. निर्मल कौर ने बताया महिला कुछ दिन पहले कोरोना मरीज के संपर्क में आई थी। सिविल सर्जन ने बताया कि सभी पीड़ितों को ज्ञान सागर अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बठिंडा: दो पुलिसकर्मी समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित
कोरोना वायरस से संक्रमित पांच नए केस बुधवार को सामने आए हैं। इनमें दो महिला एवं दो पुलिसकर्मी और एक मजदूर शामिल हैं। जिनका उपचार सरकारी एकांतवास में किया जा रहा। कोरोना से संक्रमित मिले पुलिसकर्मी थाना कैंट, सिविल लाइन, महिला पुलिस थाना और पुलिस चौकी वर्धमान में तैनात थे। जबकि मजदूर फरीदाबाद से लौटा था।
एसएसपी नानक सिंह ने बताया कि जिन पुलिस थानों के पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, उन थानों को सैनिटाइज किया जा रहा है और संक्रमित पुलिस कर्मियों के संपर्क में आने वाले थानों के पचास पुलिसकर्मियों को एकांतवास में भेजा है। एसएसपी ने बताया कि महिला पुलिस थाना और पुलिस चौकी वर्धमान के स्टाफ को बदला जाएगा।
उन्होंने बताया कि थाना सिविल लाइन, कैंट के जो पुलिस कर्मी संक्रमित आए हैं, वो थाने से बाहर नाकाबंदी पर ड्यूटी में तैनात थे। उनके संपर्क में आने वाले बाहरी लोगों की भी डिटेल जुटाई जा रही है। सिविल सर्जन अमरीक सिंह संधू ने बताया कि बुधवार को संक्रमित आए पांच लोगों के बाद अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या सात हो गई है।
कोटकपूरा: एक ही परिवार के 13 सदस्य डिस्चार्ज
फरीदकोट स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन कोटकपूरा के एक ही परिवार के 13 सदस्यों को ठीक हो जाने पर डिस्चार्ज कर दिया है। इन 13 सदस्यों में चार छोटे बच्चे भी शामिल हैं। एक साथ 13 मरीजों के ठीक हो जाने के बाद अब फरीदकोट में एक्टिव केस की संख्या घट कर केवल दो रह गई है।
फिरोजपुर: रेलवे के पांच अधिकारी और कर्मचारियों समेत छह पॉजिटिव
रेलवे के पांच अधिकारी व कर्मचारियों समेत छह की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मंगलवार को कोरोना से रेल अधिकारी की लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में मौत हुई थी। उक्त अधिकारी के संपर्क में कैरिज एवं वैगन के दो एसएसई, एक ड्राइवर, एक सेवादार और एक कर्मी थे। बुधवार को उनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिरोजपुर में अब कोरोना के दस मामले हैं।
मानसा: एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित
कोरोना मुक्त होने के बाद जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव आए हैं। ये लोग कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटे थे। इन्हें घर में क्वारंटीन किया गया था। मानसा में अब तक 37 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। इससे पहले 34 कोरोना मरीज मिले थे। ठीक होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था।
मंगलवार को गांव झंडा कला के एक दंपती को छुट्टी देकर मानसा को कोरोना मुक्त जिला घोषित किया गया था लेकिन बुधवार को एक ही परिवार के 3 लोग फिर पॉजिटिव मिले। मरीजों को सिविल अस्पताल मानसा में भर्ती किया गया है। जिले के कोविड इंचार्ज डॉ. रणजीत सिंह राय ने बताया कि मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने के बाद पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों के नमूने लिए जाएंगे।
लुधियाना में 39 नए पॉजिटिव केस, 456 पहुंची संख्या
लुधियाना में बुधवार को कोरोना के 35 नए मामले सामने आए है। इस तरह जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 456 हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 13 है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 16 लोगों के सेहतमंद होने के बाद घर भेज दिया है। वही 350 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, इसमें 273 लोगों को एकांतवास में रहने के लिए कहा गया है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि बुधवार को छावनी मोहल्ले से 10, सैंसी मोहल्ला से 10, हबीबगंज 9, अमरपुरा से एक, हंबड़ा रोड से तीन, खन्ना से एक व तलवंडी राय से एक पॉजिटिव मामला मिला है। इसके अलावा डीएमसी लुधियाना से चार कोरोना पॉजिटिव केस भी सामने आए है।
चोरी का आरोपी निकला कोरोना पाजिटिव, कोर्ट स्टाफ क्वारंटीन
चौकी कंगनवाल में एटीएम चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जहां पुलिस चौकी के कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं मामले में सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद 11 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। जानकारी के अनुसार कंगनवाल चौकी पुलिस ने चरणजीत सिंह प्रिंस और चरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने दोनों का सैंपल लेकर जांच को भेजा था। इसमें चरणजीत सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आरोपी के कोरोना पॉजिटिव आने पर कंगनवाल चौकी के 14 कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया गया है। जिस अदालत में आरोपियों को पुलिस ने पेश किया था। वह अदालत को पुलिस ने सूचना दी तो वहां मौजूद लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है।
जालंधर: दुबई से लौटे आठ लोगों समेत 31 कोरोना संक्रमित
जालंधर में बुधवार को दुबई से लौटे आठ भारतीयों समेत 31 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जालंधर में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 413 हो गई है। वहीं रेलवे रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सिक्योरिटी गार्ड के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अन्य कर्मचारियों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम ने बैंक शाखा को सील कर दिया है। शाखा को बाहर से सैनिटाइज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. टीपी सिंह का कहना है कि रेलवे रोड की पीएनबी ब्रांच के तमाम कर्मचारियों के सैंपल लिए जाएंगे।
वहीं डिवीजन नंबर चार पुलिस स्टेशन के दो कर्मचारियों के संक्रमित होने के कारण पूरा थाना बंद कर दिया गया है। वहां के कर्मचारियों को थाना दो में बैठकर कामकाज करने को कहा गया है। थाने को सैनिटाइज किया जाएगा। मंगलवार को जालंधर में 32 मरीज पॉजिटिव मिले थे।