फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Coronavirus new cases, Covid-19 in Punjab, Coronavirus outbreak

पंजाब में कोरोना से नौ लोगों की और मौत, अब तक 92 मरीजों ने गंवाई जान, 217 नए पॉजिटिव मिले

Fri, 19 Jun 2020 07:55 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Fri, 19 Jun 2020 07:55 PM IST
विज्ञापन
Coronavirus new cases, Covid-19 in Punjab, Coronavirus outbreak
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला

कोरोना का मुकाबला कर रहे पंजाब के लिए शुक्रवार का दिन अब तक का सबसे बुरा दिन रहा। राज्य में शुक्रवार को 9 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। राज्य में अब तक एक ही दिन में अधिकतम 6 मौतें दर्ज की गई थीं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 92 हो गई। वहीं, 24 घंटे में 217 नए पॉजिटिव केस भी दर्ज किए गए हैं। राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 3832 तक पहुंच गई है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 227012 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। विभिन्न अस्पतालों में इस समय 1104 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से अमृतसर व जालंधर के 2-2 मरीजों समेत 27 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 4 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। बीते 24 घंटों में राज्य में 66 मरीजों के ठीक होने की भी खबर हैं, जिनके साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा 2636 हो गया है। शुक्रवार को जो मरीज स्वस्थ हुए, उनमें अमृतसर के 33, पठानकोट के 18, मोहाली के 5, गुरदासपुर के 3, फाजिल्का के 2, पटियाला, रोपड़, मुक्तसर, बठिंडा और कपूरथला के 1-1 मरीज शामिल हैं।
विज्ञापन


जालंधर में एक दिन में 78 नए मामले
कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। आरएसएस के 12 कर्मियों समेत जालंधर में 78 मामले सामने आए हैं। 12 पॉजिटिव आरएसएस के सर्वहितकारी स्कूल के हैं। जिले में कोरोना कोने-कोने में फैल गया है। शुक्रवार को जिले में 78 नए मिले। इसके बाद जिले में कुल मामले 496 हो गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- शहीद के ताबूत से लिपट मां बोली--‘खड़ा हो जा पुत्त ‘मोहनी’ कित्थे चला गया तूं, रब्बा मैनूं चक लेंदा’

शुक्रवार को आए पॉजिटिव केसों में एक कैदी के अलावा बस्ती बावा खेल थाने में बंद एक आरोपी भी शामिल है। इसके अलावा छह पुलिस कर्मचारी भी संक्रमित हो गए हैं। न्यू गोबिंद नगर, सूरत नगर, मकसूदां, सैनिक विहार, मिट्ठापुरा रोड, धर्मपुरा, पक्का बाग, काव्या कालोनी, फेज-2, बूटा मंडी, समस्तीपुरा, सर्वहितकारी स्कूल (गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू), पटेल नगर, अजीत नगर गली नंबर 10, न्यू अमर नगर, न्यू संतोख पुरा बैकसाइड केएमवी कॉलेज, रंजीत नगर एन्क्लेव, सूर्या एन्क्लेव, शेखांमबाजार, न्यू शास्त्री नगर, न्यू गौतम नगर, कंदोला खुर्द, बिलगा, नागरा, बाबू लाभ सिंह नगर, गांव तलवंडी संघेरा और शाहकोट में नए केस मिले हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोरोना के नोडल अफसर डॉ. टीपी सिंह का कहना है कि विभाग की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना कर दिया गया है। मरीजों को आइसोलेट किया जाएगा और उनके संपर्कों की सूची तैयार की जा रही है। सर्वहितकारी स्कूल में तमाम लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 

लुधियाना: कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत, 21 नए केस आए सामने

शुक्रवार को लुधियाना में कोरोना के चलते दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक बरनाला और एक संगरूर का रहने वाला था। इसके अलावा जिले में 21 कोरोना के नए पॉजिटिव केस सामने आए है। कोरोना पॉजिटिव केसों की लगातार बढ़ती संख्या अब चिंता का विषय बन गई है। कोरोना संक्रमण वेहड़ों में घुसता जा रहा है। इन वेहड़ों में ज्यादातर प्रवासी लोग रहते हैं और यहां एक एक कमरे में रहने वालों की संख्या भी ज्यादा रहती है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह वेहड़े बड़ा खतरा बन सकते हैं। 

सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि बरनाला निवासी 33 वर्षीय व्यक्ति को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार उसकी मौत हो गई। वहीं संगरूर से 50 वर्षीय व्यक्ति को मोहनदेई ओसवाल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। उनकी भी मौत हो गई है। दोनों कोरोना पॉजिटिव थे। 

इसके अलाव लुधियाना में 21 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसमें कंटेनमेंट जोन हबीबगंज और प्रेम नगर से 13 नए केस हैं। पांच संक्रमित मामले सीएमसी से आए हैं, इसमें तीन लुधियाना, एक संगरूर और एक पटियाला से है। दो कोरोना पॉजिटिव डीएमसी, एक फोर्टिंस और एक खन्ना से संबंधित है।  

दो आरोपी निकले कोरोना पॉजिटिव, अदालत से 18 लोग होम क्वारंटीन 
पुलिस की तरफ से अदालत में पेश किए गए दो आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद दहशत का माहौल है। जिला सेशन जज के आदेशों पर 18 लोगों को होम क्वारंटीदन करने के निर्देश जारी किए है। जानकारी के अनुसार 15 जून को पुलिस ने अदालत में एक आरोपी को पेश किया था। जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसी तरह एक अन्य मामले में 12 जून को अदलत में एक आरोपी को पेश किया गया था। यह आरोपी भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद कर्मचारियों को होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है।

कपड़ा व्यापारी के बाद व्यापारी की मां भी कोरोना पॉजिटिव

बटाला के टिब्बा बाजार के रहने वाले कपड़ा व्यापारी युवक के बाद शुक्रवार को कपड़ा व्यापारी की मां भी कोरोना पॉजिटिव आई है। इस की पुष्टि बटाला के सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने की है। वहीं अब बटाला के सिविल अस्पताल में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 3 है। 

इनमें से एक टिब्बा बाजार का रहने वाला कपड़ा व्यापारी, उसकी मां और एक सुंदर नगर का रहने वाला युवक है। इस संबंध में सिविल अस्पताल बटाला के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि टिब्बा बाजार से संबंधित 17 जून को 58 लोगों के सैंपल भेजे थे, जिसमें कपड़ा व्यापारी की 65 वर्षीय मां कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया है और डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू कर दिया है। वहीं डॉ. भल्ला ने बताया कि महिला में कोई लक्षण नहीं है। 

कोटकपूरा में एक महिला समेत पांच संक्रमित
फरीदकोट स्वास्थ्य विभाग के पास शुक्रवार को पहुंची कोरोना टेस्ट रिपोर्ट में एक महिला समेत पांच लोग संक्रमित मिले है। यह सभी कोटकपूरा शहर से संबंधित है, जिन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर लिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि नए पॉजिटिव मरीजों में से तीन प्रेम नगर और दो सुर्गापुरी के रहने वाले है और इनमें से दो प्रेम नगर के डीएमसी (दयानंद मेडिकल कॉलेज) लुधियाना में दाखिल बुजुर्ग पॉजिटिव मरीज के रिश्तेदार है। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

बठिंडा में महिला समेत तीन संक्रमित मिले

बठिंडा के भगता भाईका एवं गोनियाना से संबंधित तीन लोग शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मिले हैं। तीनों लोग दूसरे राज्यों से आए हैं। जो घर में एकांतवास में थे। इनमें एक महिला शामिल है। डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने बताया कि तीन संक्रमित लोगों से अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या 10 हो गई है। इन सभी का उपचार सरकारी एकांतवास में चल रहा है।

फिरोजपुर: पंद्रह साल के किशोर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव  
हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रहने वाले पंद्रह वर्षीय किशोर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वह कुछ दिन पहले अपने माता-पिता के साथ दिल्ली से फिरोजपुर लौटा था। बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती कर परिवार को क्वारंटीन किया गया है। परिवार दिल्ली से फिरोजपुर लौटा था। परिवार दिल्ली का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग ने माता-पिता और बच्चे के सैंपल लिए थे। 

शुक्रवार बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। माता-पिता की रिपोर्ट आना बाकी है। बच्चा जिन लोगों के संपर्क में था उन सभी को क्वारंटीन किया गया है।  फिरोजपुर में कोरोना के मरीजों की संख्या 11 हो गई है। सभी का इलाज सिविल अस्पताल फिरोजपुर में चल रहा है।

मुक्तसर: आठ नए पॉजिटिव केस आए 
मुक्तसर में शुक्रवार को आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण सिंह ने बताया कि संक्रमितों में चार अबोहर रोड स्थित खड्डियांवाली गली, दो भुल्लर कॉलोनी, एक थांदेवाला रोड व एक अन्य शामिल हैं। इनमें एक मूलरुप से दिल्ली का निवासी है, जो पिछले कई दिनों से मुक्तसर में ही रह रहा था। सिविल सर्जन के अनुसार ज्यादातर लोग दिल्ली या गुरुग्राम की यात्रा इतिहास वाले हैं। 

अमृतसर में एक महिला समेत चार की मौत

अमृतसर में शुक्रवार को कोरोना से एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में श्री हरमंदिर साहिब के साथ लगे इलाके के 107 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुछ दिन पूर्व तबीयत ठीक न होने के कारण उन्हें श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया गया था। इसके अलावा उत्तम नगर सुल्तानविंड रोड निवासी 53 वर्षीय महिला, कटरा खजाना निवासी 68 वर्षीय और सूरज वाली गली गुजरती बस्ती निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई।

शुक्रवार को अमृतसर में 42 नए पॉजिटिव रिपोर्ट हुए। इनमें से 15 केस पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। लॉरेंस रोड के साथ सटे पॉश एरिया दयानंद नगर से पांच, कटरा खजाना, गोल बाग, कस्बा रय्या से दो-दो केस मिले। तीन केस चार दीवारी के घनी आबादी नमक मंडी से मिले। यह सभी पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे। संक्रमितों में थाना मोहकमपुरा के एसएचओ व पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। 

पठानकोट में दो नए मामले
पठानकोट में शुक्रवार को दो लोग संक्रमित मिले हैं। अब पठानकोट में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 168 पहुंच गया है। इनमें एक राम शरणम कॉलोनी निवासी महिला और चार्जियां मोहल्ला के रहने वाले युवक की रिपोर्ट शामिल है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. विनोद सरीन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 
 
बरनाला: पॉजिटिव नौजवान की मौत
33 साल के शैलर मालिक की कोरोना के कारण मौत हो गई है। इसके बाद जैन मार्केट को सील करवा दिया गया। मृतक का छोटा भाई भी पॉजिटिव पाया गया है। वह राजिंदरा अस्पताल पटियाला में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है। प्रशासन मृतक नौजवान के गांव कुतबा में स्थित शैलर जाकर पता कर रहा है कि वह कब शैलर में गया था और कौन-कौन से लोग व वर्कर उसके संपर्क में आए। इसके अलावा बरनाला के जिस अस्पताल में नौजवान को लुधियाना रेफर करने से पहले इलाज चला, उस अस्पताल को सील कर स्टाफ व डॉक्टर को क्वारंटीन कर दिया गया है।

पटियाला में कोरोना से बुजुर्ग की मौत, आठ नए केस 

यादविंदरा कालोनी निवासी 60 साल के बुजुर्ग की शुक्रवार दोपहर सरकारी राजिंदरा अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। बुजुर्ग शुगर और थायराइड के मरीज थे। साथ ही जिले में शुक्रवार को कोरोना के आठ नए पॉजिटिव केस भी आए। इनमें तीन मरीज राजिंदरा अस्पताल की पहले कोरोना पॉजिटिव  स्टाफ नर्स के परिजन हैं। 

सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना के कारण मरने वाले बुजुर्ग पिछले कुछ दिनों से ज्यादा बीमार थे। उन्हें पटियाला के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां से गुरुवार को उन्हें राजिंदरा अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। जिसके तुरंत बाद उनका कोविड सैंपल लिया गया। शुक्रवार सुबह उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली लेकिन दोपहर को बुजुर्ग की मौत हो गई। कोविड गाइडलाइन के मुताबिक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।  

क्वारंटीन पिता के 12 वर्षीय बच्चे की मौत 
रोपड़ के गांव शामपुरा में 12 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्चे का पिता पहले से कोरोना का संदिग्ध होने के कारण होम क्वारंटीन है। हालांकि अब तक इसका सैंपल नहीं लिया गया। जानकारी के अनुसार बच्चे को तीन दिन से बुखार और उलटियां आ रही थीं। शुक्रवार को जब परिजन बच्चे को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने वहां पर बच्चे को मृत बताया। 

इसके पहले बच्चे को एक निजी अस्पताल में लेकर जाने की भी जानकारी है। बच्चे का शव घर पहुंचते ही रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया। जब बच्चे का पिता भी बिना मास्क के ही लोगों से मिला। पिता ने रोते हुए कहा कि ग्रामीणों के कारण वह घर से बाहर नहीं जाकर अपने बच्चे का इलाज नहीं करवा सका। 

सरपंच कुलवंत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को इस बारे में सूचना दी थी लेकिन विभाग ने संजीदगी नहीं दिखाई। बच्चे का पिता  उत्तर प्रदेश में बरेली व बदायूं सवारी छोड़कर आया था, जिसके कारण होम क्वारंटीन है। सिविल सर्जन डॉ. एचएन शर्मा ने कहा कि सीनियर मेडिकल अधिकारी की ड्यूटी लगाई है कि जो व्यक्ति क्वारंटीन किया गया, वहां एसओपी लागू हो रही हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके पिता में कोरोना के लक्षण नहीं थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed