पंजाब: 14 अप्रैल तक चलेगी कोरोना के खिलाफ जंग, कर्फ्यू को लेकर हो सकता नया एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना के खतरे के मद्देनजर देशभर में जारी लॉकडाउन को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने भी राज्य में 31 मार्च तक के लिए उठाए कदमों को 14 अप्रैल तक बढ़ाने का मन बना लिया है। इसके तहत सभी सरकारी विभागों में विभाग प्रमुखों को 14 अप्रैल तक न्यूनतम स्टाफ के साथ कार्य करने की हिदायत दे दी गई है। माना जा रहा है कि आम लोगों के लिए राज्य में 31 मार्च तक लागू कर्फ्यू की अवधि में भी इजाफा किया जाएगा, जिसका एलान अगले 2 दिन में हो सकता है।
राज्य सरकार के परसोनल विभाग की ओर से सभी विभाग प्रमुखों, डिविजनों के कमिश्नरों, सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में केंद्रीय गृह मामलों के मंत्रालय की ओर से 24 मार्च को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि पुलिस, होमगार्ड्स, सिविल डिफेंस, फायर और इमरजेंसी सर्विस, आपदा प्रबंधन और जेल, जिला प्रशासन और ट्रेजरी, बिजली, वाटर सप्लाई व सेनिटेशन, म्युनिसिपल इकाइयों के कार्यालयों को छोड़कर बाकी सभी कार्यालयों में न्यूनतम स्टॉप के साथ काम किया जाए जबकि अधिकतर स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम के लिए घरों में रहने को कहा जाए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने कोरोना के खतरे के चलते के सभी प्रशासनिक विभागों में कर्मचारियों की भीड़ कम करने के लिए 50-50 प्रतिशत की रोटेशन का नियम लागू किया हुआ है। इसके तहत एक समय में दफ्तर में केवल 50 फीसदी कर्मचारी ही काम पर आएंगे जबकि बाकी 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। 15 दिन बाद दफ्तर में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी घर पर और घर पर काम करने वाले कर्मचारी दफ्तर में ड्यूटी देंगे।
शराब की कंपनियों ने शुरू किया सैनेटाइजर का उत्पादन
कोविड-19 के खतरे के मद्देनजर पंजाब सरकार के आग्रह पर पंजाब डिस्टिलरीज ने सैनिटाइजर तैयार करना शुरू कर दिया है। यह जानकारी शनिवार को फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कमिश्नर काहन सिंह पन्नू ने दी। एनवी डिस्टिलरी पटियाला, चंडीगढ़ डिस्टिलरीज एंड बॉटलर्स बनूड़, बठिंडा केमिकल्स लिमिटेड बठिंडा, चड्डा शुगर एंड डिस्टिलरीज गुरदासपुर, जगतजीत डिस्टिलरी हमीरा और पायनियर इंडस्ट्रीज पठानकोट, न सिर्फ सरकार द्वारा निर्धारित फार्मूले के अनुसार सैनेटाइज बना रहे हैं बल्कि एफडीए पंजाब द्वारा बताई गई।
जरूरत के अनुसार सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को भी सैनिटाइज सामग्री की सप्लाई बिल्कुल मुफ्त कर रहे हैं। अब तक सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को 33000 लीटर सैनिटाइज सामग्री सप्लाई की गई है। हिदायतों के अनुसार, हैंड सैनिटाइज 96 फीसदी ईथानोल, 3 फीसद हाइड्रोजन परआक्सइड, गलिसरिल, स्वीकृत और स्टरलाइज पानी के मिश्रण से बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कोविड-19 वायरस के फैलाव के मद्देनजर पंजाब में सैनिटाइजों की भारी मांग है। बाजार में सैनिटाइजरों की भारी कमी ने कालाबाजारी को जन्म दिया है। यह डिस्टिलरियां थोक में सैनिटाइजर की रोजाना की जरूरतों को पूरा कर रही हैं।